कांग्रेस का पीएम मोदी पर तीखा वार, कहा- हर वर्ग को तबाह कर रहे हैं PM, आखिर कैसा भारत बनाना चाहते हैं?

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 12:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कांग्रेस ने पीएम मोदी पर शनिवार केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने देश के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता जताते हुए कांग्रेस ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार की नीतियों का समाज के विभिन्न हिस्सों पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स (X) पर राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक पुराना वीडियो साझा करते हुए लिखा कि नरेंद्र मोदी देश के हर वर्ग को तबाह कर रहे हैं। सवाल यह है कि वे आखिर किस तरह का भारत बनाना चाहते हैं?

मल्लिकार्जुन खड़गे ने लगाया ये आरोप

साझा किए गए वीडियो में मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर देश के बुनियादी सिद्धांतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में समानता, भाईचारा और न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है।  टैक्सपेयर्स (करदाताओं) के पैसे का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं के बड़े-बड़े विज्ञापनों और प्रचार के लिए किया जा रहा है, जिससे जनता को कुछ समय के लिए गुमराह किया जा सकता है। सरकार ने महिलाओं, किसानों, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, वंचितों और छात्रों के अधिकारों को चोट पहुंचाई है, जिससे आज समाज का हर वर्ग गुस्से में है।

PunjabKesari

राहुल गांधी ने भी कसा तंज

दूसरी तरफ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मई महीने में 10 दिनों के भीतर ईंधन (Fuel) की कीमतों में हुई लगातार चार बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुपके से आम जनता की जेबें काट रही है। राहुल गांधी ने एक्स (X) पर पीएम मोदी को इंफ्लेशन मैन मोदी (महंगाई वाले मोदी) का नाम देते हुए लिखा कि चुनावों के दौरान तेल की कीमतों को नियंत्रण में रखा गया था, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम किस्तों में ₹8 तक बढ़ा दिए गए। यह बढ़ोतरी आगे भी जारी रहेगी। 'इंफ्लेशन मैन मोदी' का केवल यही काम है। चुनाव में बड़े-बड़े वादे करना और बाकी समय जनता की जेब पर हमला करना।

महंगाई बढ़ने की आशंका

विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रुपये के उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया (West Asia) में बढ़ते तनाव के चलते तेल कंपनियों पर दबाव है। हालांकि, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी (CNG) के लगातार बढ़ते दामों से माल ढुलाई और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च बढ़ेगा, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में खुदरा महंगाई और आम आदमी के घरेलू बजट पर पड़ना तय है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News