दिल्ली सरकार ने 100 दिन में क्या-क्या किया? CM रेखा गुप्ता ने जारी की उपलब्धियों की बुकलेट
punjabkesari.in Saturday, May 31, 2025 - 01:19 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने 31 मई को अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे कर लिए। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक बुकलेट जारी की। इस बुकलेट में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, "दिल्ली में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूर्ण होने पर हमने एक उपलब्धियों की बुकलेट जारी की है, जिसमें अब तक किए गए प्रमुख कार्यों का विवरण दिया गया है।"
जब आपने मुझे दिल्ली की सेवा का अवसर दिया, तो यह सिर्फ एक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि एक संकल्प था “जनसेवा पर केंद्रित राजनीति, और नीति जो जनकल्याण के लिए हो।”
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 31, 2025
इन 100 दिनों में हमने हर वादा ज़मीन पर उतारने की दिशा में प्रभावी काम किया। हमारी प्राथमिकता साफ थी - विकास ऐसा जो दिखाई भी… pic.twitter.com/PXSR2a7tWO
'अब दिल्लीवासियों को भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ'
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि अब दिल्ली को भी आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की साझेदारी से 10 लाख तक का मुफ्त इलाज अब लोगों को मिल रहा है। सिर्फ 100 दिन में ही साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। खासतौर पर 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को इस योजना से जोड़ा गया है।
“ऑपरेशन सिंदूर” आतंकियों के खिलाफ जीत है।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 31, 2025
यह नया भारत है, जो अब आतंकियों की हरकतें बर्दाश्त नहीं करेगा - अब हर जवाब सटीक होगा, और हर वार निर्णायक।#KaamKarneWaliSarkar #काम_करने_वाली_सरकार#100DinSevake pic.twitter.com/85ObBqcSWH
यमुना सफाई पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना नदी की दशा सुधारना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि “यमुना की सफाई को कभी गंभीरता से नहीं लिया गया। आज यमुना में केवल नाले और सीवरेज का पानी जाता है। हमने इसे चुनौती के रूप में लिया है और कार्य शुरू किया है।”
महिला समृद्धि योजना और जमीनी स्तर पर काम
मुख्यमंत्री ने महिला समृद्धि योजना का भी उल्लेख किया, जिसमें महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, “हमारे विधायक, मंत्री और जनप्रतिनिधि लगातार सड़कों पर जनता के बीच जाकर काम कर रहे हैं। सरकार पूरी निष्ठा से दिल्ली के लोगों को उनके अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
सीएम ने दिया राजनीतिक संदेश
रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान से शुरू हुए आंदोलन को याद करते हुए कहा कि “उस समय सत्ता का मोह नहीं था, लेकिन आज कुछ लोग सत्ता के लालच में इतने अंधे हो गए हैं कि उन्हें जनता की चिंता नहीं।” उन्होंने अपनी सरकार को जनता के लिए समर्पित बताते हुए कहा कि “दिल्ली और देश का विकास साथ-साथ होना चाहिए।”