कर्नाटक में भाजपा की हार, कांग्रेस की जीत पर क्या बोले केरल के सीएम विजयन?
punjabkesari.in Sunday, May 14, 2023 - 10:54 PM (IST)

नेशनल डेस्कः केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने रविवार को कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव का परिणाम जनता की ओर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और संघ परिवार को दिया गया करारा ‘‘जवाब'' है कि वे देश में वह सब कुछ नहीं कर सकते जो वे करना चाहते हैं। विजयन ने साथ ही कहा कि कांग्रेस को यह भी महसूस करना चाहिए कि वह पहले की तरह मजबूत नहीं है और भाजपा से मुकाबला करने के लिए उसे भाजपा विरोधी ताकतों को एकजुट करने की राज्य-वार रणनीति अपनानी चाहिए।
विजयन ने कहा, ‘‘ भाजपा, आरएसएस और संघ परिवार का मानना था कि वे देश में जो चाहें कर सकते हैं। उनके इसी रवैये पर कर्नाटक के लोगों ने उन्हें करारा जवाब दिया है। कर्नाटक की जनता ने दिखाया है कि वे भाजपा को इस तरह अपने काम करना जारी रखने की अनुमति नहीं देंगे। '' मुख्यमंत्री ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) की ओर से गुरुवयूर में आयोजित एक कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह मानना चाहिए कि परिस्थितियां बदल रही हैं।
विजयन ने कहा, ‘‘ हमें जमीनी स्तर पर बदलते हुए परिदृश्य के अनुसार काम करना चाहिए और कांग्रेस को यह महसूस करने की जरूरत है। उसे यह महसूस करने की जरूरत है कि यह वही कांग्रेस नहीं है जो देश में कई वर्षों से सत्ता में थी। यह देश के कई हिस्सों में कमजोर है। इसलिए, देश में भाजपा को पूरी तरह से हराने की व्यावहारिक रणनीति यह है कि किसी राज्य में भाजपा के खिलाफ सभी समूहों को एकजुट किया जाए और राज्यवार भाजपा का मुकाबला किया जाए। ''