Strong winds: 30 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी सतही हवाएं, 20 मार्च से गरज-चमक के साथ बारिश
punjabkesari.in Wednesday, Mar 19, 2025 - 07:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में मार्च का महीना इस बार अप्रत्याशित मौसम बदलाव लेकर आ रहा है। जहां लोग भीषण गर्मी की शुरुआत मान रहे थे, वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के भीतर तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी कर दी है। 20 मार्च से मौसम अचानक पलटी खा सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, इस बदलाव को लेकर किसानों और आम जनता के लिए मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलेंगी। 20 मार्च को दोनों संभागों में बादल छाने के साथ तेज हवाओं के झोंके महसूस किए जाएंगे और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। 21 और 22 मार्च को पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) | AQI |
---|---|---|---|
लखनऊ | 33.1 | 16.0 | 108 |
आगरा | 31.5 | 15.2 | 96 |
कानपुर | 31.8 | 16.0 | 83 |
मेरठ | 29.1 | 16.0 | 162 |
वाराणसी | 36.1 | 18.0 | 71 |
इन जिलों में होगी बारिश
20 मार्च को यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना है, जिनमें वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद, शामली और सहारनपुर शामिल हैं। अगले 24 घंटों में यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जाएगी, जबकि न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। हालांकि, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे फिर से बढ़ोतरी होगी।