आंधी, बारिश और लू… उत्तर भारत में बदल रहा मौसम का मिजाज, गर्मी और सर्दी का दिख रहा मिलाजुला असर

punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 08:36 AM (IST)

नेशनल डेस्क। उत्तर भारत में मार्च के महीने की शुरुआत होते ही सर्दी की विदाई और गर्मी का एहसास होने लगा है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार जैसे इलाकों में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। कभी बारिश कभी गर्मी और कभी सर्दी की वापसी ऐसे मौसम से लोग थोड़े कन्फ्यूज हो गए हैं। पिछले दो दिनों से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है। वहीं गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, गोवा के तटीय इलाकों में लू के चलते गर्मी का असर बढ़ गया है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। खासकर 3 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है।

PunjabKesari

 

 

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में मौसम लगातार बदल रहा है। यहां कभी गर्मी तो कभी बारिश और सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहेंगे और हवाएं चलने से मौसम थोड़ा सुहाना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक यह मौसम बना रह सकता है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। सोमवार को न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की कमी आने की वजह से रात का तापमान थोड़ा ठंडा हो सकता है जबकि अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार और बुधवार को दिन में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। यहां बारिश और ओले गिरने से मौसम फिर से ठंडा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा जिसका असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा और इसके लिए ग्रीन अलर्ट जारी किया गया है। अगले 5 दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है।

 

PunjabKesari

 

इन राज्यों में लू, आंधी और बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को लक्षद्वीप में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज हवाओं और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। तटीय कर्नाटक में लू चलने की संभावना है जबकि गोवा के विभिन्न इलाकों में गर्म और आर्द्र मौसम हो सकता है।

इसके अलावा भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और मालदीव के आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 35 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 55 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News