एक ओर बरस रही आग तो दूसरी ओर आंधी-तूफान और बारिश, दिल्ली-मुंबई में गर्मी की चेतावनी...जानें अन्य राज्यों का हाल
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 02:21 PM (IST)
Weather: देश के कई हिस्सों में मार्च के पहले सप्ताह से ही गर्मी बढ़नी शुरू हो गई है। राजधानी दिल्ली से लेकर पटना, लखनऊ, ग्वालियर, मुंबई, जयपुर, रायपुर और कोलकाता तक तापमान लगातार बढ़ रहा है। जबकि कुछ इलाकों में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं अचानक आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने भी लोगों को सावधान किया है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढ़ती जा रही है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही मई-जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन में गर्मी अधिक महसूस हो रही है। हवा में बादलों की हल्की आवाजाही रहेगी, लेकिन फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। वहीं, प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा हुआ है और एयर क्वालिटी इंडेक्स लगभग 240 है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो गया है। दिन में गर्म हवाओं के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही है। कुछ जगहों पर सुबह कोहरा और धुंध रही, जिससे विजिबिलिटी कम हुई। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश हो रही है। चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बर्फबारी की संभावना भी है। वहीं, बिहार में कई जिलों में बादलों का डेरा है और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान का खतरा है। पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर और सुपौल में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा
पंजाब और हरियाणा में मौसम शुष्क है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 35-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी अधिक महसूस हो रही है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है और लू जैसी स्थिति बन सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदल रहा है। कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कई जिलों में तापमान 36-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 14-15 मार्च के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, बादल और तेज हवाओं का असर हो सकता है।
दक्षिण भारत
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम बदल रहा है। केरल में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। वहीं, गुजरात और महाराष्ट्र में भी गर्मी बढ़ रही है। कई शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है और दोपहर में तेज गर्मी महसूस हो रही है। फिलहाल मौसम शुष्क है।
पूर्वोत्तर भारत
पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11-14 मार्च के बीच कई स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मेघ गर्जन और बारिश हो सकती है।
सावधानियां:
खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और मैदान में खड़े होने से बचना चाहिए।
