Heavy Rain Alert: कहीं भारी बारिश, कहीं कड़ाके की ठंड का कहर, IMD ने इन राज्यों में जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Nov 09, 2025 - 08:31 PM (IST)
नेशनल डेस्कः नवंबर के पहले सप्ताह के आते ही उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में ठंड की बढ़ती हुई तीव्रता ने लोगों को सर्दी का अहसास करा दिया है। शीतलहर के प्रभाव से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत कई राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
शीतलहर चलने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 9 नवंबर को शीतलहर चलने की संभावना है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी 9 से 11 नवंबर के बीच शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों तक रात का तापमान सामान्य से लगभग 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है। दक्षिण हरियाणा में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली का मौसम
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में रविवार की सुबह वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में रही और एक्यूआई 391 दर्ज किया गया। बोर्ड के समीर ऐप के आंकड़ों के मुताबिक, 24 निगरानी केंद्रों ने वायु गुणवत्ता को गंभीर श्रेणी में बताया। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत तापमान से 2.7 डिग्री अधिक है। अगले एक-दो दिनों तक दिल्ली में हल्की धुंध छाई रह सकती है।
तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
IMD के अनुसार, पश्चिम बंगाल में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। रविवार सुबह पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद अगले तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
दक्षिण भारत में बारिश
वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 13 नवंबर तक तमिलनाडु, केरल और माहे में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवा भी चल सकती है।
