Indian Railways: रेलवे का बड़ा कदम, 15 मार्च से 4 वंदे भारत ट्रेनों के टाइम में किया बदलाव, देखें नई Timing
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:03 AM (IST)
नेशनल डेस्क: अगर आप अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं और खासकर सेमी-हाई स्पीड 'वंदे भारत एक्सप्रेस' के मुसाफिर हैं, तो यह खबर सीधे आपके काम की है। भारतीय रेलवे ने परिचालन दक्षता (Operational Efficiency) को सुधारने और यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए साउथ वेस्टर्न रेलवे (SWR) जोन की 4 प्रमुख वंदे भारत ट्रेनों के समय में बदलाव करने का फैसला किया है। देशभर में दौड़ रही 164 वंदे भारत ट्रेनों के नेटवर्क के बीच, इन चुनिंदा ट्रेनों की नई समय सारणी 15 मार्च 2026 से प्रभावी हो जाएगी।
यशवंतपुर-काचेगुड़ा और काचेगुड़ा-यशवंतपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
सितंबर 2023 से पटरी पर दौड़ रही यशवंतपुर-काचेगुड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20704) के समय में हिंदूपुर स्टेशन पर बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन दोपहर 12:08 के बजाय 12:17 बजे हिंदूपुर पहुंचेगी। इसी तरह, वापसी की ट्रेन यानी काचेगुड़ा-यशवंतपुर वंदे भारत (ट्रेन नंबर 20703) जो शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलती है, अब हिंदूपुर स्टेशन पर दोपहर 15:48 के स्थान पर 15:55 बजे आया करेगी।
कलाबुरागी-SMVT बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस (22231)
कलाबुरागी से बेंगलुरु के बीच 550 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन के समय में दो प्रमुख स्टेशनों पर फेरबदल हुआ है। 15 मार्च से यह ट्रेन श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर अपने पुराने समय 11:00 बजे के बजाय अब 11:13 बजे पहुंचेगी। वहीं, येलहंका स्टेशन पर पहुंचने के समय में भी बड़ा बदलाव हुआ है; अब यह दोपहर 12:28 की जगह 12:58 बजे वहां पहुंचा करेगी।
SMVT बेंगलुरु-कलाबुरागी वंदे भारत एक्सप्रेस (22232)
वापसी दिशा में चलने वाली ट्रेन नंबर 22232, जो गुरुवार को छोड़कर रोज चलती है, उसके समय में भी संशोधन किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार, यह ट्रेन अब येलहंका स्टेशन पर दोपहर 15:05 के बजाय 15:09 बजे पहुंचेगी। इसके साथ ही श्री सत्य साई प्रशांति निलयम स्टेशन पर इसके पहुंचने का समय अब शाम 16:23 से बदलकर 16:45 बजे कर दिया गया है।
