School Timing Change: गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने 27 अप्रैल से बदला स्कूलों का समय, अब इतने बजे होगी स्कूलों में छुट्टी
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 08:05 AM (IST)
School Timing Change: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने बच्चों को सुरक्षा को मद्देनज़र रखते हुए यह फैसला लिया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी स्कूल अब 27 अप्रैल से सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 12:30 बजे तक बंद हो जाएंगे। पहले स्कूल दोपहर तक चलते थे, लेकिन अब बच्चों को तेज धूप और लू से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। पिछले कुछ दिनों में गर्मी के कारण कई बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबरें सामने आई थीं, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
सभी स्कूलों पर लागू होगा नियम
यह नया टाइमटेबल केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं है। जिले के सभी प्राईवेट और मान्यता प्राप्त स्कूलों को भी इसका पालन करना होगा। चाहे स्कूल किसी भी बोर्ड से जुड़ा हो- CBSE, ICSE, UP Board या अन्य-हर जगह यह नियम लागू रहेगा। प्रशासन ने साफ कहा है कि अगर कोई स्कूल इस आदेश का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अगले आदेश तक जारी रहेगा बदलाव
यह नया टाइमटेबल फिलहाल अगले आदेश तक लागू रहेगी। जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और गर्मी कम नहीं होती, तब तक बच्चों को इसी समय पर स्कूल आना-जाना होगा। अभिभावकों ने भी इस फैसले को सही बताया है क्योंकि दोपहर की तेज गर्मी में बच्चों को स्कूल से लाना काफी मुश्किल हो रहा था।
