अमीर हो रहा बाजार, गरीब हो रहा इंसान: अमेरिकी इकोनॉमी में रिकॉर्ड ''बंटवारा'' कंपनियों के पास सरकारों से ज्यादा पैसा

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 12:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  आज की अमेरिकी अर्थव्यवस्था एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां अमीरी और गरीबी के बीच की खाई अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। एक तरफ शेयर बाजार $1 ट्रिलियन के दैनिक कारोबार के साथ इतिहास रच रहा है और सोना $5,000 के पार पहुंचकर निवेशकों की झोली भर रहा है, तो दूसरी तरफ आम अमेरिकी नागरिक कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है।

हालत यह है कि 'अल्फाबेट' जैसी दिग्गज टेक कंपनियां सरकारों से भी ज्यादा आसानी और कम ब्याज पर अरबों डॉलर का कर्ज उठा रही हैं, जबकि आम जनता के लिए अपनी मासिक किश्तें (EMI) चुकाना दूभर हो गया है। बाजार की इस चमक के पीछे छिपा यह 'आर्थिक बंटवारा' आने वाले समय के लिए एक बड़े खतरे की घंटी है।

शेयर बाजार और सोने की रिकॉर्ड रफ्तार
निवेशकों के लिए यह दौर किसी सपने जैसा है। अमेरिकी शेयर बाजार का प्रमुख इंडेक्स डाऊ जोंस (Dow Jones) 50,000 के स्तर के करीब कारोबार कर रहा है। साथ ही, अमेरिकी शेयर बाजार में रोजाना होने वाला लेनदेन (Daily Turnover) $1 ट्रिलियन के पार निकल गया है। सोने की कीमतों ने भी इतिहास रचते हुए $5,000 प्रति औंस का नया स्तर छू लिया है।

ग्रैनाइट शेयर (Granite Shares) के संस्थापक विल रिंद के अनुसार, यह उछाल पूरी दुनिया से अमेरिका की ओर आ रहे निवेश के कारण है। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में निवेश करने के लिए दुनिया भर के निवेशक अमेरिकी बाजारों का रुख कर रहे हैं।

आम जनता (Main Street) की बढ़ती मुसीबतें
बाजार की इस चमक के पीछे एक डरावनी सच्चाई छिपी है। दिसंबर के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में रिटेल बिक्री में 0% की बढ़ोतरी हुई है, यानी बिक्री पूरी तरह स्थिर हो गई है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि उपभोक्ता ऋण (Consumer Loan) न चुका पाने की दर (Delinquency Rate) बढ़कर 4.8% हो गई है, जो पिछले लगभग एक दशक का उच्चतम स्तर है। यह दर्शाता है कि आम आदमी अपनी किश्तें भरने में असमर्थ हो रहा है।

बड़े कॉरपोरेट्स बनाम सरकार
क्रेडिट मार्केट में भी एक बड़ा बदलाव दिख रहा है। दिग्गज टेक कंपनी 'अल्फाबेट' (Alphabet) ने महज 24 घंटे में $32 बिलियन का कर्ज जुटाया है, जिसमें 100 साल की अवधि वाला बॉन्ड भी शामिल है। विल रिंद का तर्क है कि आज दुनिया की कुछ कंपनियों की वित्तीय स्थिति कई देशों की सरकारों से भी बेहतर है। ये कंपनियां AI के भविष्य के लिए भारी निवेश कर रही हैं।

चांदी, प्लेटिनम और बिटकाॅइन का हाल
चांदी और प्लेटिनम: चांदी $81.65 के स्तर पर मजबूती से टिकी है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्लेटिनम (कीमत $2,101) में अभी और उछाल बाकी है क्योंकि यह सोने की तुलना में अभी भी काफी सस्ता मिल रहा है।

बिटकाॅइन: जहां सोना और शेयर बढ़ रहे हैं, वहीं बिटकौइन $69,000 के आसपास संघर्ष कर रहा है। पुराने निवेशक अब बिटकौइन बेचकर मुनाफा वसूली कर रहे हैं, जिससे इसकी रफ्तार धीमी पड़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News