Union Budget 2026: 1 फरवरी को इतने बजे पेश होगा बजट, जानिए उसके बाद क्या-क्या होगा...यहां चेक करें पूरी List
punjabkesari.in Thursday, Jan 29, 2026 - 06:53 PM (IST)
Union Budget 2026: देश की आर्थिक दिशा तय करने वाला आम बजट 2026 1 फरवरी (रविवार) को पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में बजट भाषण देंगी। यह मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा आम बजट होगा। बजट पेश होने से पहले कई औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं और बजट वाले दिन वित्त मंत्री एक तय प्रोटोकॉल का पालन करती हैं। बजट पेश होने के बाद संसद में इस पर लंबी चर्चा भी होती है। आइए जानते हैं बजट से पहले क्या-क्या होता है, बजट के बाद की प्रक्रिया क्या है और बजट 2026 से आम आदमी, मिडिल क्लास और कारोबारियों को क्या उम्मीदें हैं।
बजट सत्र कब से कब तक चलेगा?
सरकार बजट पेश करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाती है, जिसे बजट सत्र कहा जाता है। इस बार बजट सत्र दो चरणों में होगा।
पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी
(इस दौरान 12 बैठकें होंगी)
दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल
(इस दौरान 18 बैठकें होंगी)
क्या होती है हलवा सेरेमनी?
बजट सत्र शुरू होने से पहले हर साल हलवा सेरेमनी होती है। इस बार यह परंपरा 27 जनवरी को निभाई गई। वित्त मंत्रालय (नॉर्थ ब्लॉक) में बजट छपाई शुरू होने से पहले अधिकारियों को हलवा खिलाया जाता है। इसे शुभ शुरुआत माना जाता है। वित्त मंत्री खुद स्टाफ को हलवा परोसती हैं। हलवा सेरेमनी के बाद बजट से जुड़े अधिकारी लॉक-इन पीरियड में चले जाते हैं, यानी जब तक बजट पेश नहीं हो जाता, वे बाहर की दुनिया से संपर्क नहीं कर सकते।
सर्वदलीय बैठक क्यों होती है?
बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले सरकार सभी राजनीतिक दलों के साथ सर्वदलीय बैठक करती है। इसमें बजट सत्र को सुचारू रूप से चलाने पर चर्चा होती है। इस बार यह बैठक 27 जनवरी को हुई, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बैठक में 35 से ज्यादा पार्टियों के सांसद शामिल हुए।
राष्ट्रपति का अभिभाषण
हर संसद सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण से होती है।
28 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अभिभाषण दिया, जिसके साथ बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई। बजट से एक दिन पहले यानी 29 जनवरी को सरकार ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। इसे भी वित्त मंत्री ही पेश करती हैं।
बजट कब और कहां पेश होगा?
तारीख: 1 फरवरी 2026 (रविवार)
समय: सुबह 11 बजे
स्थान: लोकसभा
निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार बजट पेश करेंगी।
बजट वाले दिन वित्त मंत्री का प्रोटोकॉल
सुबह 9 बजे बजट टीम के साथ फोटो सेशन
इसके बाद वित्त मंत्रालय में अंतिम बैठक
सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति से अनुमति
फिर संसद भवन पहुंचना
सुबह 11 बजे बजट भाषण की शुरुआत
बजट पेश होने के बाद क्या होगा?
2 से 4 फरवरी: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव
3 फरवरी: लोकसभा में पीएम मोदी का जवाब
4 फरवरी: राज्यसभा में पीएम का जवाब
5 से 13 फरवरी: बजट पर सामान्य चर्चा
14 फरवरी से 8 मार्च: अवकाश
9 से 25 मार्च: मंत्रालयों की अनुदान मांगों पर चर्चा
26 से 31 मार्च: वोटिंग और वित्त/विनियोग विधेयक
2 अप्रैल: बजट सत्र समाप्त
