T20 World Cup: अगर सेमीफाइनल-फाइनल में मैच टाई हुआ या बारिश आई, कौन होगा चैंपियन? जानें क्या है नियम

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 08:22 PM (IST)

T20 World Cup 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर है और रोमांच सातवें आसमान पर पहुंच गया है। ईडन गार्डन्स में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की भिड़ंत के साथ ही नॉकआउट मुकाबलों का शंखनाद हो चुका है, वहीं मुंबई के वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड की टक्कर पर सबकी नजरें टिकी हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन आखिरी मुकाबलों के लिए ICC के नियम बदल जाते हैं? अगर मैच टाई हो जाए और उसके बाद सुपर ओवर भी बारिश की वजह से न हो पाए, तो किस्मत का फैसला कैसे होगा? आइए इसे बहुत ही आसान भाषा में समझते हैं।

सेमीफाइनल का गणित: Super-8 की परफॉर्मेंस बनेगी ढाल
मान लीजिए दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच सेमीफाइनल मैच टाई हो जाता है। नियम के मुताबिक विजेता चुनने के लिए सुपर ओवर होगा। लेकिन अगर ऐन वक्त पर कुदरत का करिश्मा यानी बारिश हो जाए और सुपर ओवर मुमकिन न हो पाए, तो टॉस नहीं होगा। ऐसी स्थिति में देखा जाएगा कि सुपर-8 राउंड में कौन सी टीम बॉस थी। चूंकि दक्षिण अफ्रीका अपने तीनों मैच जीतकर 6 अंकों के साथ टॉप पर थी और न्यूजीलैंड दूसरे नंबर पर रही थी, तो बेहतर रिकॉर्ड की वजह से दक्षिण अफ्रीका सीधे फाइनल का टिकट कटा लेगी। यानी लीग स्टेज की मेहनत सेमीफाइनल में जीवनदान बन सकती है।

फाइनल का सस्पेंस: जब दो टीमें बनेंगी एक साथ चैंपियन
अब बात करते हैं सबसे बड़े मुकाबले यानी फाइनल की। अगर फाइनल मैच टाई हो जाए और बारिश के कारण सुपर ओवर भी न हो पाए, तो नियम थोड़े भावुक कर देने वाले हैं। अगर रिजर्व डे पर भी खेल संभव नहीं होता और सुपर ओवर धुल जाता है, तो किसी एक टीम का दिल नहीं तोड़ा जाएगा। इस सूरत में दोनों ही टीमों को 'संयुक्त विजेता' (Joint Winners) घोषित कर दिया जाएगा।

क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहले भी हो चुका है। साल 2002 की ICC चैंपियंस ट्रॉफी का वो यादगार पल याद कीजिए, जब भारत और श्रीलंका के बीच फाइनल बारिश की भेंट चढ़ गया था और दोनों कप्तानों ने एक साथ ट्रॉफी उठाई थी। 2026 के वर्ल्ड कप में भी अगर इंद्र देव ने खेल बिगाड़ा, तो इतिहास खुद को दोहरा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News