UIDAI का बड़ा कदम: 2.5 करोड़ Aadhaar Card रद्द, जानिए वजह
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 01:27 PM (IST)
नेशनल डेस्क: अगर आपके पास आधार कार्ड है, तो पहचान से जुड़ी इस बड़ी खबर को जानना आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने एक बड़े सफाई अभियान के तहत देश के करीब 2.5 करोड़ आधार नंबरों को हमेशा के लिए बंद (Deactivate) कर दिया है। सरकार का यह कदम पहचान की धोखाधड़ी रोकने और सरकारी योजनाओं के गलत इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है।
क्यों रद्द हुए इतने सारे आधार?
लोकसभा में सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये सभी 2.5 करोड़ आधार नंबर उन लोगों के थे जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। अक्सर देखा गया है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी उनके आधार का इस्तेमाल गलत तरीके से फायदे लेने या वित्तीय हेराफेरी के लिए किया जाता था। डेटाबेस को पूरी तरह सटीक और सुरक्षित बनाने के लिए UIDAI ने इन 'मृत खातों' को सिस्टम से हटा दिया है। फिलहाल देश में लगभग 134 करोड़ आधार नंबर एक्टिव हैं।
नया आधार ऐप: अब सब कुछ आपके हाथ में
इस सफाई अभियान के साथ ही सरकार ने एक नया आधार ऐप भी पेश किया है, जो पुराने mAadhaar से काफी अलग और एडवांस है। यह नया डिजिटल साथी आपके फिजिकल कार्ड को साथ रखने की झंझट खत्म कर देगा। इसकी सबसे बड़ी खूबियां ये हैं:-
-
एक ऐप, पूरा परिवार: अब आप एक ही ऐप में अपना और परिवार के 5 अन्य सदस्यों का प्रोफाइल जोड़ सकते हैं।
-
घर बैठे बदलें नंबर: अब मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए आपको लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं होगी, यह काम ऐप से ही हो जाएगा।
-
एडवांस सिक्योरिटी: इसमें बायोमेट्रिक लॉक और सिम-बाइंडिंग जैसे फीचर्स हैं। यानी यह ऐप उसी फोन में चलेगा जिसमें आधार से लिंक सिम कार्ड मौजूद होगा।
-
QR आधारित वेरिफिकेशन: पहचान साबित करने के लिए अब कार्ड दिखाने के बजाय सिर्फ QR कोड स्कैन करना ही काफी होगा।
सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि आधार आपकी पहचान का सबूत है, नागरिकता का नहीं। लेकिन चूंकि यह आपके बैंक खाते से लेकर हर सरकारी सुविधा से जुड़ा है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। जल्द ही इस नए ऐप के जरिए नाम और ईमेल एड्रेस बदलने की सुविधा भी शुरू होने वाली है।
