एयरपोर्ट पर महंगे खाने का खेल खत्म! देश के हर हवाईअड्डे पर खुलेगा ‘उड़ान यात्री कैफे’
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 11:41 PM (IST)
नेशनल डेस्क: हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब एयरपोर्ट पर चाय-कॉफी के लिए ₹200–₹300 चुकाने की मजबूरी नहीं होगी। केंद्र सरकार ने ‘उड़ान यात्री कैफे’ (UDAN Yatri Cafe) की शुरुआत की है, जहां यात्रियों को बेहद किफायती दामों पर चाय, कॉफी, पानी, समोसा और स्थानीय स्नैक्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
यह पहल नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की ओर से शुरू की गई है। इसका मकसद एयरपोर्ट पर यात्रियों को महंगे और सीमित विकल्पों से राहत देना और यात्रा अनुभव को ज्यादा सुविधाजनक बनाना है।
किन एयरपोर्ट्स पर शुरू हुआ उड़ान यात्री कैफे?
फिलहाल देश के कई प्रमुख एयरपोर्ट्स पर यह सुविधा शुरू की जा चुकी है—
- कोलकाता – नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (दिसंबर 2024 में पहला कैफे)
- चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट
- अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट
- पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट (यहां महिला कर्मचारियों को प्राथमिकता)
- विजयवाड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
- भुवनेश्वर – बीजू पटनायक एयरपोर्ट
- होलोंगी/इटानगर – डोनी पोलो एयरपोर्ट
- हैदराबाद – राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जनवरी 2026 से)
सरकार का लक्ष्य है कि साल 2026 के अंत तक देश के सभी प्रमुख एयरपोर्ट्स पर कम से कम एक उड़ान यात्री कैफे जरूर हो। हालांकि, हर एयरपोर्ट पर केवल एक ही कैफे खोला जाएगा।
क्या मिलेगा मेन्यू में?
उड़ान यात्री कैफे में सभी चीजें तय कीमत पर मिलेंगी—
- पानी की बोतल: ₹10
- चाय: ₹10
- कॉफी: ₹20
- समोसा: ₹20
- लोकल स्पेशल स्नैक/मिठाई: ₹20
उदाहरण के तौर पर कोलकाता में रसगुल्ला, पुणे में वड़ा पाव, चेन्नई में वडाई, विजयवाड़ा में कचौड़ी जैसे स्थानीय स्वाद शामिल किए गए हैं।
सरकार का क्या कहना है?
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू ने कहा कि इन कैफे में खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सरकार के मुताबिक, उड़ान यात्री कैफे से यात्रियों को स्ट्रीट-स्टाइल स्वाद, सस्ते दाम और भरोसेमंद क्वालिटी—तीनों का फायदा मिल रहा है, जिससे लोगों की प्रतिक्रिया काफी सकारात्मक रही है।
