देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है : राजनाथ सिंह
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 12:27 PM (IST)
नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि ''देश में ईंधन या गैस की कोई कमी नहीं है'' और भारत पश्चिम एशिया संघर्ष के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले किसी भी ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है। चुनावी राज्य केरल में एक सैनिक सम्मान सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय नौसेना के जहाज Strait of Hormuz से गुजरने वाले देश के टैंकरों की सुरक्षा कर रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खाड़ी क्षेत्र में भारतीय हितों की रक्षा के लिए अपने कूटनीतिक कौशल का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''हम पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।'' सिंह ने अपने भाषण के दौरान सभी से विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनने का आग्रह किया और कहा कि यह राज्य में बदलाव लाने के लिए सही राजनीतिक दल है और यह ''मोदी की गारंटी'' के साथ आता है। रक्षा मंत्री ने कहा, ''उनका (मोदी का) नेतृत्व 24 कैरेट सोने के समान है - यह आजमाया हुआ और परखा हुआ है।'' केरल विधानसभा की 140 सीट के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होगा।
