दुनियाभर में मनाई गई महात्मा गांधी की 150वीं जयंती, UAE ने कुछ इस अंदाज में दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Thursday, Oct 03, 2019 - 12:38 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर यूएई ने बुर्ज खलीफा पर बापू की तस्वीर का वीडियो चलाकर उन्हें याद किया। इस वीडियो में यूएई ने महात्मा गांधी के कई रूपों को याद किया। बुर्ज खलीफा पर दर्शाए गए वीडियो में गांधी के साथ भारत की शान तिरंगा को भी दिखाया गया। वीडियो के अंत में 150वीं जयंती के साथ-साथ एक संदेश भी लिखा गया है।

इसके अलावा फ्रांस और श्रीलंका समेत कई देशों में उनके जीवन और विरासत को याद किया गया। इस मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और स्मारक डाक टिकट जारी किये गए। दुनियाभर में भारतीय मिशन ने गांधी की याद में कार्यक्रमों का आयोजन किया जहां नेताओं और सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
PunjabKesari
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने इस मौके पर अपने संदेश में कहा कि महात्मा गांधी ने सफलतापूर्वक अहिंसक आंदोलनों का नेतृत्व किया जिसने इतिहास बदल दिया। गुतारेस ने ट्वीट किया, "उनके जन्म के 150 साल बाद भी गांधी का दर्शन संयुक्त राष्ट्र में हमारे कार्यों के मूल में हैं। उनका साहस और दृढ़ विश्वास हमें बुधवार को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस और हर दिन प्रेरित करता रहे।" महात्मा गांधी की याद में 2007 से इस दिन को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

सिंगापुर में महात्मा गांधी मार्कर क्लिफोर्ड पियर में गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जहां 1948 में उनकी अस्थियों का एक हिस्सा विसर्जित किया गया था। जापान में भारतीय मिशन ने भी इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये और गांधी के जीवन पर जापानी कॉमिक्स ‘मांगा' जारी की गई।

रूस के ड्यूमा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां भारतीय दूत के साथ-साथ ड्यूमा के उपाध्यक्ष सर्गेई नेवरोव और सभी राजनीतिक समूहों के नेताओं ने गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा दुबई, मॉरीशस, सऊदी अरब, लेबनान, म्यांमा, स्विटरजलैंड और अन्य देशों में भी गांधी की याद में कार्यक्रम आयोजित किये गए।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News