‘दो राष्ट्र के सिद्धांत वाली'' BJP ने करदाताओं का भी विभाजन कर दिया: कांग्रेस

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2020 - 09:23 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस ने व्यक्तिगत आयकर की वैकल्पिक प्रणाली बनाने को लेकर शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ‘दो राष्ट्र के सिद्धांत वाली' भाजपा ने अब करदाताओं का विभाजन कर दिया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘अर्थव्यवस्था को ‘अनर्थ व्यवस्था' में बदल दिया। न दशा, न दिशा, केवल हताशा। विकास ग़ायब है, रोज़गार गुम है, निवेश बंद है,खेती संकट में है, उपभोग हवा-हवाई है, व्यापार पर तालाबंदी है, जीडीपी औंधे मुंह गिरी है। कुल मिलाकर यह कि देश आर्थिक आपातकाल की स्थिति में है।'

उन्होंने आरोप लगाया,‘दो राष्ट्र के सिद्धांत वाली भाजपा ने अब ‘दो इनकम टैक्स' प्रणाली लागू कर करदाताओं के विभाजन का प्रयास किया है। नौकरी पेशा के लिए टैक्स की नई स्लैब केवल भटकाने वाली ‘भूलभूलैया' है। असल में नई टैक्स स्लैब में पुरानी टैक्स स्लैब से अधिक टैक्स देना पड़ेगा।'

गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को करदाताओं को राहत देते हुए कर कानूनों को सरल बनाने के लिए नई वैकल्पिक व्यक्तिगत आयकर व्यवस्था पेश की। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कई तरह की छूट और कटौतियां नहीं मिलेगी। नए ढांचे में विभिन्न आयवर्ग के करदाताओं के लिए दरों में कटौती की गई है और कुछ नए स्लैब बनाए हैं। नए वैकल्पिक कर ढांचे में 30 प्रतिशत की उच्चतम दर 15 लाख रुपए से अधिक की आय पर लागू होती है जबकि पहले से चल रहे ढांचे में 10 लाख रुपए से अधिक की आय 30 प्रतिशत की कर दर के तहत आती है। 

एसपीजी के लिए बजट आवंटन में बढ़ोतरी को लेकर भी सुरजेवाला ने सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने कहा, ‘अब ‘ज़ीरो गवर्नन्स, मैक्सिमम गवर्नमेंट' है। सिर्फ़ एक व्यक्ति- मोदीजी की सुरक्षा वाली एसपीजी का 2020-21 का बजट 592 करोड़ रुपए है। 2019-20 में सब की एसपीजी सुरक्षा पर खर्च 471 करोड़ रुपए था।'' दरअसल, सरकार ने गांधी परिवार और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की एसपीजी सुरक्षा हटा दी है और अब उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News