मुंबई एयरपोर्ट से ISIS के दो आतंकी गिरफ्तार, दोनों पर था 3-3 लाख का इनाम
punjabkesari.in Saturday, May 17, 2025 - 03:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी संगठन ISIS (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) के पुणे स्लीपर मॉड्यूल मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो फरार आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (टी-2) पर हुई।
गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रूप में हुई है। NIA के मुताबिक, ये दोनों इंडोनेशिया के जकार्ता से भारत लौटने की कोशिश कर रहे थे। तभी उन्हें धर दबोचा गया। ये दोनों ISIS के लिए स्लीपर सेल के तौर पर काम कर रहे थे और पिछले दो सालों से कानून से बच रहे थे।
इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए NIA की विशेष अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया हुआ था। इसके अलावा NIA ने प्रत्येक आरोपी पर तीन-तीन लाख रुपये का नकद इनाम भी घोषित किया था, ताकि इनकी सूचना मिल सके। NIA की टीम ने हवाई अड्डे पर दोनों को हिरासत में लिया और फिर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
ISIS पुणे स्लीपर मॉड्यूल मामला
यह मामला RC-05/2023/NIA/MUM नंबर से दर्ज है। यह मामला इन लोगों द्वारा रची गई आपराधिक साजिश से जुड़ा है। इस मामले में पहले से ही ISIS पुणे स्लीपर मॉड्यूल के आठ अन्य सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं और वे न्यायिक हिरासत में हैं। NIA का कहना है कि इन सभी आरोपियों ने मिलकर भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और हिंसा व आतंक के जरिए देश में इस्लामी शासन स्थापित करने के ISIS के एजेंडे को आगे बढ़ाने की साजिश रची थी। उनका मकसद भारत की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ना था।
The National Investigation Agency (NIA) has arrested two absconders, identified as members of a sleeper module of the banned ISIS terror organisation, in a 2023 case related to fabrication and testing of IEDs in Pune, Maharashtra. The two men, identified as Abdullah Faiyaz Shaikh… pic.twitter.com/LFjHaRhwn5
— ANI (@ANI) May 17, 2025
IED बनाने और प्रशिक्षण में शामिल थे गिरफ्तार आतंकी
NIA की जांच में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति अब्दुल्ला फैयाज शेख और तल्हा खान पुणे के कोंढवा इलाके में शेख द्वारा किराए पर लिए गए एक घर में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) यानी देसी बम बनाने में शामिल थे। जांच एजेंसी के अनुसार, 2022 और 2023 के दौरान इन आतंकियों ने उस घर में बम बनाने की कार्यशालाएं आयोजित की थीं और उनमें भाग लिया था। इसके अलावा उन्होंने उसी परिसर में अपने द्वारा बनाए गए IED का परीक्षण करने के लिए नियंत्रित विस्फोट भी किए थे।
NIA की गहन जांच जारी
NIA भारत में ISIS की हिंसक और भारत विरोधी आतंकवादी योजनाओं को विफल करने के लिए सक्रिय रूप से जांच कर रही है। एजेंसी ने पहले ही इस मामले में सभी 10 आरोपियों के खिलाफ कड़े कानूनों जैसे यूए (पी) अधिनियम (गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप पत्र दाखिल कर दिया था।
अब्दुल्ला फैयाज शेख और तल्हा खान के अलावा इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान मोहम्मद इमरान खान, मोहम्मद यूनुस साकी, अब्दुल कादिर पठान, सिमाब नसीरुद्दीन काजी, जुल्फिकार अली बड़ौदावाला, शमील नाचन, आकिफ नाचन और शाहनवाज आलम के रूप में हुई है। इन दो और आतंकियों की गिरफ्तारी से NIA को इस मॉड्यूल की गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में और महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।