सॉलिसिटर जनरल के पद पर बने रहेंगे तुषार मेहता, केंद्र सरकार ने बढ़ाया कार्यकाल
punjabkesari.in Friday, Jun 30, 2023 - 10:33 PM (IST)

नई दिल्लीः वरिष्ठ अधिवक्ता तुषार मेहता को शुक्रवार को तीन साल की अवधि के लिए भारत के सॉलिसिटर जनरल (एसजी) के रूप में फिर से नियुक्त किया गया। मेहता को 10 अक्टूबर, 2018 को सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया था और तब से उन्हें दो बार विस्तार दिया जा चुका है।
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी एक आदेश के अनुसार, मेहता के अलावा, छह अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) को भी सुप्रीम कोर्ट के वास्ते तीन साल की अवधि के लिए फिर से नियुक्त किया गया है। इनमें विक्रमजीत बनर्जी, के. एम. नटराज, बलबीर सिंह, एस. वी. राजू, एन वेंकटरमन और ऐश्वर्या भाटी शामिल हैं।
अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल माधवी जी. दीवान और संजय जैन का कार्यकाल शुक्रवार को समाप्त हो गया, लेकिन पुनर्नियुक्त होने वाले विधि अधिकारियों की सूची में उनके नाम शामिल नहीं थे। अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल जयंत के. सूद का कार्यकाल बृहस्पतिवार को समाप्त हुआ और इनका नाम भी सूची में शामिल नहीं है।
दिल्ली हाईकोर्ट के लिए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के लिए सत्यपाल जैन, गुजरात हाईकोर्ट के लिए देवांग गिरीश व्यास और पटना हाईकोर्ट के लिए कृष्ण नंदन सिंह को भी तीन साल के लिए पुनर्नियुक्ति प्रदान की गयी है।