'वंदे मातरम् पर बहस बंगाल चुनाव के लिए हो रहा है', प्रियंका गांधी ने संसद में केंद्र सरकार को घेरा

punjabkesari.in Monday, Dec 08, 2025 - 05:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क : लोकसभा में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर चल रही विशेष चर्चा के दौरान कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को केंद्र की मोदी सरकार पर करारा हमला बोला। प्रियंका ने इस बहस को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि सरकार जानबूझकर जनता का ध्यान वर्तमान की समस्याओं से हटाकर अतीत में भटकाना चाहती है।

'वंदे मातरम् देश की आत्मा का हिस्सा'
संसद में बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “हमारे संसद में राष्ट्रीय गीत पर चर्चा हो रही है, जो केवल एक भावना पर आधारित है। जब हम वंदे मातरम् का नाम लेते हैं तो स्वतंत्रता संग्राम की याद जागती है। यह साहस, बल और नैतिकता की भावना को उजागर करता है। ब्रिटिश साम्राज्य इसके सामने झुक गया।” उन्होंने कहा, “वंदे मातरम् 150 साल से देश की आत्मा का हिस्सा है और लोगों के दिलों में बसा हुआ है।

यह देश की 75 वर्षों की स्वतंत्रता का प्रतीक भी है। आज इस पर चर्चा क्यों हो रही है, इसका मकसद क्या है, यह समझना आवश्यक है। यह बहस बंगाल चुनाव की वजह से हो रही है।” प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार केवल अतीत में मंडराने की कोशिश कर रही है, जबकि देश महंगाई, बेरोजगारी, किसान संकट और तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी जी अब पहले जैसे प्रधानमंत्री नहीं रहे और उनकी नीतियां देश को कमजोर कर रही हैं।

आपकी विचारधारा और नीतियों से लड़ते रहेंगे
अपने भाषण के अंत में प्रियंका गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा, “कल समय आएगा जब चुनाव सुधारों पर चर्चा होगी, तब भी हम अपनी बात रखेंगे।” उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, “आप चुनाव के लिए हैं, हम देश के लिए हैं। चाहे कितने भी चुनाव हार जाएं, हम संसद में बैठकर आपकी विचारधारा और नीतियों से लड़ते रहेंगे। हम अपने देश के लिए लड़ते रहेंगे, आप हमें रोक नहीं सकते।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News