CNG पंप पर दर्दनाक हादसा: गैस भरवाते समय अचानक हवा में उछला भारी नोजल, सिर पर लगने से युवक की मौ'त (Video)

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 11:28 PM (IST)

जमशेदपुर: सीएनजी पंप पर वाहन में गैस भरवाते समय बरती जाने वाली सावधानी को लेकर एक बेहद डरावना और आंखें खोल देने वाला मामला सामने आया है। झारखंड के जमशेदपुर में एक सीएनजी पंप पर गैस रिफ्यूलिंग के दौरान अचानक नोजल तेज दबाव के कारण अपनी जगह से निकल गया और पास खड़े एक युवक के सिर पर जा लगा। गंभीर रूप से घायल हुए इस युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान तुषार सोनारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद बताया जा रहा है कि सीएनजी पंप के मालिक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देंगे।

चंद सेकेंड में बदला पूरा मंजर, संभलने का भी नहीं मिला मौका
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हादसे के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कार में सीएनजी गैस भरी जा रही थी और उसका नोजल कार में लगा हुआ था। आसपास कुछ लोग सामान्य रूप से खड़े नजर आ रहे थे कि तभी अचानक गैस के भारी दबाव के कारण सीएनजी नोजल अपनी जगह से उखड़ गया। भारी-भरकम नोजल इतनी तेजी से हवा में उछला कि वहां खड़े लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। नोजल सीधे वहां खड़े तुषार सोनारी के सिर से टकराया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोग तुरंत उसे संभालने के लिए दौड़े और इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।

वायरल वीडियो ने सुरक्षा इंतजामों पर खड़े किए गंभीर सवाल
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग सीएनजी पंपों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि गैस भरते समय आसपास खड़े लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और किसी भी तकनीकी खराबी या दबाव की स्थिति में ऐसे गंभीर हादसे हो सकते हैं। हादसे पर चिंता व्यक्त करते हुए एक यूजर ने लिखा, "सीएनजी कार मेरे पास भी है, इस तरह के हादसों से मेरा तो दिल दहल गया।" वहीं एक अन्य यूजर ने ईश्वर से मृतक के परिवार को यह भारी दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

सावधानी ही एकमात्र बचाव
इस भयानक हादसे ने सीएनजी पंपों पर सुरक्षा नियमों के पालन और उपकरणों की सही स्थिति की जांच को बेहद जरूरी बना दिया है। विशेषज्ञों और लोगों का मानना है कि सीएनजी भरवाते समय हमेशा सतर्क और सावधान रहना चाहिए। फिलहाल यह घटना किस तकनीकी खराबी या किस वजह से हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News