मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, 3 जिलों में 9 लोगों की मौ'त; 14 घरों में लगाई आग, तनाव बढ़ा
punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 11:48 PM (IST)
इम्फाल/कांगपोकपी: मणिपुर के तीन जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान कुकी और नागा समूहों के बीच हिंसक झड़पें हुईं, जिनमें एक महिला और एक नेपाली नागरिक सहित 9 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन हिंसक घटनाओं के दौरान कम से कम 14 मकानों को भी आग के हवाले कर दिया गया।
कामजोंग जिला: अवैध बंकर ध्वस्त करने के दौरान भड़की हिंसा
पुलिस को चासाद पुलिस स्टेशन के पास अवैध बंकरों के निर्माण की सूचना मिली थी, जिसे ध्वस्त करने के लिए सिविल पुलिस, आईआरबी (IRB) और बीएसएफ (BSF) की टीमों ने अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय महिलाओं ने बाधा डालने की कोशिश की और अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसकी जवाबी कार्रवाई में 42 वर्षीय कुकी महिला डोमखोनेई थौथांग की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। कुकी महिला संगठन ने दावा किया है कि 23 वर्षीय माइकल नगम्मिलेन हाओकिप की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद भड़की हिंसा में कुकी और नागा समुदाय के कम से कम 14 घरों को जला दिया गया और चासाद पुलिस स्टेशन में भी आग लगाने का प्रयास किया गया। वहीं, सुरक्षा उपायों के तहत कामजोंग के जिला मजिस्ट्रेट ने चासाद पुलिस स्टेशन के 400 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
नागा विलेज गार्ड्स की हत्या और भारत-म्यांमार सीमा से जुड़े तार
चासाद पुलिस स्टेशन से लगभग 17 किलोमीटर दूर निंगचौ चिंगदोंग गांव में शनिवार सुबह 9:30 बजे दो नागा विलेज गार्ड्स अगाचंसो निंगशेन (30) और लेशीशन हुंग्यो (50) की हत्या कर दी गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, इस हमले में भारत-म्यांमार सीमा पार के सशस्त्र समूहों के शामिल होने की आशंका है और मामले की जांच की जा रही है।
कांगपोकपी जिला: एंबुश में 4 नागा वॉलिंटियर्स की मौत
कांगपोकपी जिले के ताप्रोन और माकुई गांव के बीच इम्फाल-तामेंगलोंग मार्ग पर संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला किया। इस हमले में 35 वर्षीय नागा विलेज वॉलिंटियर माचुंगवांगबो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नहासन (29) और मथांगमबो (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले माकुई गांव में हुए एक अन्य हमले में तीन नागा विलेज गार्ड्स माचुंगअम्ममग, अजिनपौ रिंगकांगमाई और रोबर्ट की हत्या कर दी गई थी।
उखरुल जिला: कार सवार नेपाली नागरिक की हत्या
उखरुल जिले में नेशनल हाईवे 202 पर लितन पुलिस स्टेशन से 12 किलोमीटर दूर कोनजांग गांव में अज्ञात हमलावरों ने कार से जा रहे 30 वर्षीय नेपाली नागरिक संदीप राय पर घात लगाकर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के लिए जेएनआईएमएस (JNIMS) भेज दिया है।
कांगपोकपी में 24 घंटे के संपूर्ण बंद का आह्वान
सुरक्षा की गंभीर स्थिति को देखते हुए कुकी संगठन 'कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी' (COTU) ने शनिवार शाम 6 बजे से कांगपोकपी जिले में 24 घंटे के संपूर्ण बंद का ऐलान किया है। सीओटीयू (COTU) ने आम नागरिकों पर हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।
