Delhi Weather Alert: दिल्ली-NCR में आज गरज के साथ बरसेंगे बादल, अगले दो दिनों तक बारिश का अनुमान
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 11:49 AM (IST)
Delhi Weather Alert : भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी दिल्ली में आज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक मौसम का यह सुहावना मिजाज केवल आज ही नहीं बल्कि अगले दो दिनों तक बना रहेगा। इसके बाद भी तेज धूप से राहत रहेगी और आसमान में आमतौर पर बादलों का डेरा जमा रहेगा। बारिश के इस नए दौर से दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो दिनों तक बारिश हो सकती है जबकि इसके बाद आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार शहर में न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
आईएमडी के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 143 दर्ज किया गया जो कि 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
