Weather Update: दिल्ली समेत इन राज्यों को अभी गर्मी से राहत नहीं...अगले 2-3 दिनों झेलना पड़ेगा लू का टॉर्चर

punjabkesari.in Sunday, Jun 12, 2022 - 08:44 AM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिमोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में शनिवार को भी लू चली, हालांकि इससे प्रभावित क्षेत्र के आकार में मामूली कमी आई है। भारत मौसम विज्ञान (IMD) ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और झारखंड के इलाकों में लू का प्रकोप दो दिन तक जारी रहेगा। राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को लू की स्थिति बनी रही और बांदा (उत्तर प्रदेश) 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इन राज्यों के कम से कम 22 कस्बों और शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

 

गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण पश्चिमोत्तर और मध्य भारत 2 जून से लू की चपेट में है। विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में सप्ताहांत में कुछ डिग्री की कमी आएगी, लेकिन 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। IMD ने बताया कि नमी युक्त पुरवाई चलने से 16 जून से भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी।

 

IMD के अधिकारी ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 12 जून से मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू होने का पूर्वानुमान है, लेकिन उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 15 जून तक तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिन में पश्चिमोत्तर भारत में अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। IMD ने बताया कि 16 जून से 22 जून के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के निकट रहने की संभावना है। उसने कहा कि सप्ताह (16 जून-22 जून) के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू चलने का अनुमान नहीं है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News