Traffic Alert: ध्यान दें…AI समिट के समापन पर आज बंद रहेंगे ये रास्ते, निकलने से पहले देखें ट्रैफिक एडवाइजरी
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 09:50 AM (IST)
नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट 2026 का शनिवार को समापन हो रहा है। कार्यक्रम का आयोजन भारत मंडपम में किया गया है, जहां देश और विदेश से आए कई प्रतिनिधि और वीवीआईपी शिरकत करेंगे। बड़ी संख्या में मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है।
स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक यह एडवाइजरी सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान भारत मंडपम और उसके आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो सकता है। खासतौर पर पीक आवर्स में जाम की स्थिति बनने की आशंका है।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि भैरों रोड, भगवान दास रोड, पुराना किला रोड और मथुरा रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रह सकती है। जरूरत पड़ने पर इन सड़कों पर डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है ताकि यातायात को सुचारू बनाए रखा जा सके और वीवीआईपी मूवमेंट में बाधा न आए।
लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रभावित मार्गों से बचें और तिलक मार्ग, सिकंदरा रोड तथा रिंग रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। इसके साथ ही सेंट्रल दिल्ली से गुजरने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी तरह की असुविधा या देरी से बचा जा सके।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थल के आसपास भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। इससे न केवल उनकी यात्रा आसान होगी बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
