कहीं बारिश तो कही धूप... इन राज्यों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, IMD की चेतावनी जारी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 08, 2025 - 11:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। गर्मी से मिली राहत ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की चेतावनी दी है। तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
IMD का कहना है कि गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी की स्थितियां बन रही हैं। आइए जानते हैं- कल आपके शहर में मौसम का मिज़ाज कैसा रहेगा...
दिल्ली-एनसीआर: राहत बरकरार, आसमान रहेगा साफ
दिल्ली में फिलहाल मौसम सुहाना बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 9 से 11 अक्टूबर तक आसमान साफ रहेगा, तापमान 31–34°C के बीच रहने की उम्मीद है। दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की हवाएं चलेंगी। 24 घंटे की बारिश से गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन दोपहर में हल्की गर्माहट महसूस हो सकती है।
उत्तर प्रदेश: बारिश थमी, उमस लौटेगी
यूपी में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला खत्म हो चुका है। अगले 5 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं, जिससे तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश में एक बार फिर उमस और गर्मी का दौर लौटने की संभावना है।
उत्तराखंड: बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ी, अब होगा मौसम शुष्क
देहरादून में हुई बारिश से तापमान सामान्य से चार डिग्री गिरा है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है- लगभग 30 साल बाद अक्टूबर के पहले हफ्ते में बर्फबारी दर्ज हुई है। अब 9 अक्टूबर से मौसम शुष्क रहेगा, तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
बिहार: कुछ इलाकों में बूंदाबांदी, बाकी जगह सामान्य मौसम
बिहार में अगले 2–3 दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, उत्तर बिहार के जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी और अररिया में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 30–32°C और न्यूनतम 22–24°C रहेगा।
हिमाचल प्रदेश: कई इलाकों में बारिश जारी, ठंड ने दी दस्तक
शिमला, सोलन, सिरमौर और बिलासपुर में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और रात के तापमान में 2–3 डिग्री की और कमी संभव है।
पश्चिम भारत: मॉनसून विदाई की ओर, बढ़ेगा तापमान
IMD के अनुसार, गुजरात में अगले 2–3 दिनों में मॉनसून की पूरी तरह विदाई हो जाएगी। राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।