अगले 24 से 72 घंटों इन राज्यों में होगी गरज- चमक के साथ बारिश, 50Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने दी ओले गिरने की चेतावनी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 02:54 PM (IST)
नेशनल डेस्क : देश में आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव देखें जा सकते हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि 26, 27 और 28 मार्च को मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इन दिनों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम में यह बदलाव उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में होने की संभावना है।
इन जगहों पर होगी बर्फबारी
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मैदानी इलाकों में गरज- चमक के साथ हो सकती है बारिश
मैदानी इलाकों जैसे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की बात करें तो यहां भी 26 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने का अनुमान है। 27 मार्च को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि 28 मार्च से एक और तीव्र विक्षोभ सक्रिय होने के कारण राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम फिर करवट लेगा।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम विभाग ने 'भारी बारिश' का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर में असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 27 और 28 मार्च को व्यापक स्तर पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। नागालैंड में भी 28 मार्च को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज हवाओं (30-50 किमी/घंटा) के साथ छिटपुट बारिश के आसार हैं। सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 27 मार्च को ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झक्कड़ चलने की चेतावनी दी गई है।
मध्य और दक्षिण भारत में ऐसा होगा मौसम
विदर्भ, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 28 मार्च के बीच गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में अगले 5 दिनों तक छिटपुट वर्षा जारी रहेगी। केरल और माहे में 27-28 मार्च को बिजली गिरने की संभावना को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है।
