तकनीकी खामी या फिर लापरवाही? एयर इंडिया की फ्लाइट के पंख पर घास मिलने से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 11:33 AM (IST)

नेशनल डेस्क: एयर इंडिया के एक विमान में हुई एक अजीबोगरीब घटना के कारण यात्रियों को पाँच घंटे से अधिक की देरी का सामना करना पड़ा। विमान के पंख पर घास पाए जाने के बाद यह देरी हुई, जिससे मुंबई हवाई अड्डे पर काफी हलचल मच गई।
पंख पर घास मिलने से एयर इंडिया की उड़ान 5 घंटे लेट
मुंबई से बैंकॉक जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2354 में यात्रियों को एक अनोखे कारण से भारी देरी का सामना करना पड़ा। विमान के उड़ान भरने से ठीक पहले उसके बाएं पंख के नीचे घास फंसी हुई पाई गई। इसके चलते यह फ्लाइट निर्धारित समय से 5 घंटे 15 मिनट देरी से रवाना हुई। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार यह उड़ान सुबह 7:45 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन दोपहर 1 बजे के आसपास मुंबई से उड़ान भरी।
एयरलाइन का बयान और अज्ञात स्रोत
एयर इंडिया ने इस घटना पर एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की कि इस मामले को "तुरंत संज्ञान में लिया गया" और जरूरी जांच के बाद विमान को उड़ान भरने की मंजूरी दे दी गई। इस मामल को लेकर एयरलाइन ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां जैसेविमान में कितने यात्री और चालक दल थे, और यात्री कितनी देर तक विमान के अंदर फंसे रहे जानकारियां साझा नही की हैं
एयरलाइन ने यह भी बताया कि विमान के पंख पर घास का स्रोत अभी तक अज्ञात है। एयर इंडिया ने मुंबई हवाई अड्डे पर अपने ग्राउंड सर्विस प्रोवाइडर को इस मामले की जांच करने का निर्देश दिया है ताकि पता चल सके कि यह घास विमान के पंख तक कैसे पहुंची। इस घटना की सूचना DGCA को भी दे दी गई है।
DGCA की बढ़ी निगरानी
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब DGCA ने देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों पर अपनी निगरानी और भी कड़ी कर दी है। दरअसल, 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया के एक विमान दुर्घटना के बाद डीजीसीए ने यह व्यापक अभियान शुरू किया था। नियामक ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की गहन समीक्षा की है, जिनमें शामिल हैं:
- उड़ान संचालन
- विमान की उड़ान योग्यता
- रैंप सुरक्षा
- वायु यातायात नियंत्रण
- संचार, नेविगेशन और निगरानी
- प्रणाली
- उड़ान से पहले चिकित्सा जांच
डीजीसीए ने किसी विशेष एयरलाइन या हवाई अड्डे का नाम नहीं लिया, लेकिन उसने विमान रखरखाव और परिचालन प्रक्रियाओं में कई उल्लंघनों को चिह्नित किया है। यह घटना भारत की विमानन सुरक्षा प्रथाओं पर बढ़ती जांच का संकेत देती है और यह बताती है कि सुरक्षा नियमों का पालन कितना महत्वपूर्ण है।