रजाई में बैठकर धुएं के कश लगा रही थी महिला, कुछ ही देर बाद...
punjabkesari.in Tuesday, Mar 11, 2025 - 04:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क। चूरू जिले के भालेरी थाना क्षेत्र के गांव मेलूसर में आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 75 वर्षीय महिला सोना देवी बीड़ी पीते समय रजाई में आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गईं। फिलहाल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। महिला अपने पति बुधराम के साथ कमरे में सो रही थी। सोते समय उन्होंने बीड़ी जलाई लेकिन जलती हुई तिल्ली गलती से रजाई पर गिर गई। इसके बाद रजाई में तेजी से आग लग गई और कुछ ही सेकंड में लपटें उठने लगीं। महिला भी इस आग की चपेट में आ गईं और उनके कपड़े भी जलने लगे।
यह भी पढ़ें: ऑटो ऐसा कि लोग भी देखकर हो रहे हैरान, Social Media पर वायरल हुई नई Creativity
महिला की चीखें सुनकर परिजन पहुंचे
महिला की चीखें सुनकर उनके पति बुधराम की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत शोर मचाया जिससे परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और वे दौड़कर कमरे में पहुंचे। परिवारवालों ने जलती हुई रजाई को हटाकर किसी तरह आग बुझाई और तुरंत सोना देवी को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों के अनुसार सोना देवी 60 प्रतिशत से अधिक जल चुकी हैं। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनका इलाज कर रही है।
परिवारवालों और गांववालों में अफरा-तफरी
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी बड़ी संख्या में सोना देवी के घर पर जमा हो गए। उनके बेटे जगदीश ने बताया कि उनकी मां रात में बीड़ी पी रही थीं और इसी दौरान अचानक आग लग गई। शोर सुनकर वे तुरंत कमरे में पहुंचे और देखा कि स्थिति बहुत गंभीर थी। अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना की जानकारी पुलिस चौकी को भी दे दी है।
वहीं अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार महिला के हाथ-पैर काफी जल गए हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।