PNB Bank New Rules : 15 अप्रैल से पहले कर लें ये जरूरी काम, वरना बंद हो जाएगा खाता
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:42 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है, तो अप्रैल का महीना आपके लिए अहम साबित हो सकता है। बैंक ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि ऐसे खातों को बंद किया जा सकता है, जिनमें पिछले तीन वर्षों से कोई लेन-देन नहीं हुआ है। पीएनबी ने साफ किया है कि 15 अप्रैल 2026 तक इन खातों को सक्रिय नहीं कराने पर कार्रवाई की जाएगी।
16 अप्रैल से शुरू होगा एक्शन
बैंक के अनुसार, 15 अप्रैल की समयसीमा खत्म होने के बाद 16 अप्रैल से ऐसे खातों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह कार्रवाई केवल उन्हीं खातों पर लागू होगी, जो पिछले तीन साल से निष्क्रिय हैं और जिनमें मौजूदा बैलेंस शून्य है। बैंक ने इस संबंध में 18 मार्च को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर भी जानकारी साझा की थी।
खाते को सक्रिय कराने का मौका
PNB ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे तय समयसीमा से पहले अपने खाते को सक्रिय करा लें। इसके लिए खाताधारक अपनी नजदीकी शाखा में जाकर केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं या खाते में लेन-देन शुरू कर सकते हैं। ऐसा करने से खाता बंद होने से बचाया जा सकता है।
समय पर अपडेट नहीं किया तो होगी परेशानी
बैंक ने चेतावनी दी है कि अगर ग्राहक समय पर जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करते हैं, तो बिना किसी अतिरिक्त सूचना के उनका खाता बंद किया जा सकता है। ऐसे में एक साधारण केवाईसी अपडेट या ट्रांजैक्शन करना बेहद जरूरी हो गया है।
धोखाधड़ी रोकने के लिए उठाया कदम
पीएनबी ने बताया कि इस फैसले का उद्देश्य निष्क्रिय और जीरो बैलेंस वाले खातों से जुड़े जोखिम को कम करना है। ऐसे खातों में धोखाधड़ी की आशंका अधिक रहती है, इसलिए बैंक इन पर सख्त निगरानी रख रहा है। साथ ही, ग्राहकों को किसी भी समस्या की स्थिति में बैंक शाखा से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
