Delhi weather: हाय गर्मी! फरवरी में टूटे रिकॉर्ड, दिल्ली में सूरज ने दिखाए तेवर; 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा, जानें होली पर कैसा रहेगा मौसम
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 11:23 AM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में फरवरी में ही मौसम में बदलान देखने को मिला है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से चल रही तेज हवाओं ने प्रदूषण से तो राहत दी है, लेकिन अब सूरज के तीखे तेवर लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं। IMD के ताजा अनुमानों के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढेगा।
मैदानों में बढ़ी तपिश
IMD के अनुसार Western Disturbance के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि, मैदानी इलाकों पर इसका असर केवल सुबह-शाम की हल्की ठंडक तक ही सीमित रहेगा। दिन के समय धूप और बढ़ते तापमान के कारण अब 'भीषण गर्मी' की आहट सुनाई देने लगी है।
होली पर 34 डिग्री पहुंच सकता है तापमान
अगले 48 घंटों में राजधानी और इसके आसपास के इलाकों (नोएडा, गुरुग्राम) में अधिकतम तापमान 32°C तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15°C से 16°C के बीच रहने की उम्मीद है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार होली पर दिल्ली में तापमान 34°C के स्तर को पार कर जाएगा और लोगों को कड़ी धूप का सामना करना पड़ सकता है।
राजस्थान में पारा 36 के पार
सीमावर्ती राज्य राजस्थान में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। बाड़मेर में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 36.3°C दर्ज किया गया, जो फिलहाल प्रदेश में सबसे अधिक है। वहीं, सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 9.7°C रहा। जयपुर मौसम केंद्र का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी देखी जाएगी।

हवाओं ने सुधारी दिल्ली की आबोहवा
गर्मी बढ़ने के बीच एक राहत भरी खबर प्रदूषण के मोर्चे पर आई है। तेज हवाओं के कारण दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार हुआ है। कई इलाकों में AQI 200 के नीचे दर्ज किया गया है, जिससे हवा अब 'संतोषजनक' से 'मध्यम' श्रेणी (येलो जोन) में आ गई है।

