दिल्ली में भीषण गर्मी ने तोड़ा 79 साल का रिकार्ड, तापमान 46.8 डिग्री के पार पहुंचा

punjabkesari.in Wednesday, May 29, 2024 - 09:12 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली के प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार जून 1945 में दिल्ली का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में बुधवार को सफदरजंग वेधशाला में 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से छह डिग्री अधिक था।

राजस्थान में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

लगभग समूचा राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और मौसम विभाग ने अगले दो दिन तेज लू चलने का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। हालांकि उसके बाद अधिकतम तापमान में कुछ कमी आएगी। राजस्थान में मंगलवार को अधिकतम तापमान चुरू में 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के अधिकतर हिस्से भीषण लू की चपेट में हैं।

कब गर्मी से मिलेगी राहत?

देश भर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक राहत भरी खबर साझा की है। दिल्ली एनसीआर और यूपी समेत कई राज्यों में लू से राहत मिलेगी। 30 मई से घने बादल छाएंगे और ठंडी-ठंडी हवाएं चलेंगी। अगले 24 घंटे में मानसून दस्तक देगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, सिक्किम और त्रिपुरा में बिजली और तेज हवाओं के साथ मानसून बरसेगा। इन राज्यों में 30 मई को भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और ओडिशा में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभवाना है। 31 मई से लेकर 2 जून के बीच आकाशीय बिजली के साथ तेज आंधी चलेगी। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News