दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, मौसम विभाग ने ''रेड अलर्ट'' जारी किया

punjabkesari.in Saturday, May 18, 2024 - 09:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया और पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने अगले दो दिनों में दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया। मुंगेशपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद नजफगढ़ में 46.7 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 46.2 डिग्री सेल्सियस, पूसा में 46 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 45.2 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली के सफदरजंग स्थित प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से तीन डिग्री अधिक है और इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान है। मौसम विभाग कार्यालय ने दिल्ली के कई हिस्सों में 'लू' चलने का अनुमान जताया है और 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है।

आईएमडी ने अपने सात दिनों के पूर्वानुमान में लू के प्रकोप का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य की दृष्टि से कुछ विशेष लोगों के लिए अत्यधिक देखभाल का आग्रह किया। मौसम विभाग ने कहा कि भीषण गर्मी सभी उम्र के लोगों विशेषकर शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले कमजोर व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य के मद्देनजर चिंता का विषय है। मौसम विभाग ने शरीर में पानी की कमी नहीं हो, इसके लिए पर्याप्त पानी पीने और ओआरएस या घर पर बने पेय जैसे लस्सी, तोरानी (चावल का पानी), नींबू पानी और छाछ का उपयोग करने का सुझाव भी दिया।

मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब उत्पन्न होती है जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री या इससे अधिक होता है और कम से कम 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। दिल्ली में शनिवार को सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत से 18 प्रतिशत के बीच रही। आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 0.6 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News