जिस बहू का कर दिया अंतिम संस्कार, डेढ महीने बाद मिली जिंदा, हैरान कर देगी पूरी कहानी

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2024 - 11:27 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में एक महिला के अंतिम संस्कार के बाद दोबारा जिंदा होने का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद अनुभाग के मौ थाना पुलिस को डेढ़ माह पहले दंदरौआ रोड के ग्राम मढरौली के पास एक महिला का अधजला शव मिला था। इलाके के एक परिवार ने महिला की पहचान मेहगांव के वार्ड निवासी के रूप में की। मायके पक्षवालों ने ससुराल पक्ष पर महिला को जान से मारने का आरोप लगाया हालांकि पुलिस ने अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। 

हैरानी की बात तो तब सामने निकल कर आई कि जिस महिला का अंतिम संस्कार हो गया और वह महिला जीवित हालत में मिली इस बात का सुराग तब लगा जब महिला ने अपने बैंक खाते से लाड़ली बहना योजना के रुपये उत्तरप्रदेश के मथुरा में कियोस्क से निकाले। जिस खाते से वह पैसे निकाल रही है, उस खाते में उसके पति का मोबाइल नंबर लिंक है। महिला के पैसे निकालने का मैसेज जब पति के मोबाइल पर आया तो उसने इसकी पड़ताल बैंक में जाकर की। 

जानकारी मिली कि इस खाते से मथुरा के कियोस्क सेंटर से खाताधारक ने अपने फिंगरप्रिंट के आधार से निकाले हैं। इस बात की जानकारी पति ने पुलिस को दी। मौ थाने के सब इंस्पेक्टर विवेक प्रभात पुलिस टीम के साथ उत्तरप्रदेश के मथुरा में पहुंचे। पुलिस हैरत में आयी जब कियोस्क सेंटर के सीसीटीवी फुटेज में वहीं महिला दिखाई दी जिसका घरवालों ने अंतिम संस्कार कर शांति भोज भी कर दिया था। पुलिस ने महिला की लोकेशन के आधार पर पीछा किया तो नोएडा में मोबाइल पैकिंग करने वाली कंपनी से महिला को जॉब करते हुए 25 जून को गिरफ्तार किया। पुलिस महिला को भिण्ड लेकर आई। 

पुलिस को पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अकेला रहना पसंद करती है और वह शादी भी नहीं करना चाहती थी। घरवालों ने उसकी शादी कर दी। महिला अपना एक बेटा और एक बेटी को छोड़कर दूसरे राज्य में मोबाइल पैकिंग करने का जॉब करने लगी। मौ थाना प्रभारी संतोष यादव ने आज बताया कि गिरफ्तार महिला की पति से लंबे समय से अनबन थी। एक माह पहले महिला ने अपने पति के सगे भांजे सहित दो अन्य लोगों पर 376 का मामला दर्ज कराकर सलाखों के पीछे भेज दिया था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जो अधजली महिला का शव मिला था आखिरकार वह कौन थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News