डोकलाम पर तनाव बरकरार, राहुल गांधी ने कसा PM मोदी पर तंज

punjabkesari.in Friday, Oct 06, 2017 - 01:34 PM (IST)

नई दिल्ली: चीन ने डोकलाम में उस जगह के पास बड़ी संख्या में अपने सैनिकों को तैनात कर रखा है जहां 73 दिन तक भारत और चीन की सेनाओं के बीच गतिरोध रहा था। इससे संकेत मिलता है कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीमा पर तनाव अभी तक कम नहीं हुआ है। वहींं यह खबर अब सुर्खियों में आ गई है कि प्रधानमंत्री की नीति अब कैसे फेल हो गई। इस मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है।

 राहुल ने ट्वीट किया कि मोदी जी अपनी तारीफ से फुर्सत मिले तो कृपया करके इसे समझाएंगे कि ये क्या है? बता दें कि पहले डोकलाम विवाद सुलझने की बात पर पीएम मोदी की काफी तारीफ हुई थी और कहा जा रहा था कि उन्होंने अपना 56 इंच का सीना दिखाया है। राहुल उसी पर तंज कस रहे थे। गुरुवार को आई खबर के मुताबिक डोकलाम में चीन अपने सैनिकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ा रहा है जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। इस पर भारत का चिंतित होना लाजमी है।

एयरचीफ ने दिए तनाव के संकेत
डोकलाम पठार में चुंबी घाटी में चीनी बलों की मौजूदगी की वजह से तनाव पसरे होने का संकेत वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ ने भी दिया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दोनों पक्ष सीधे तौर पर आमने-सामने नहीं हैं। हालांकि चुंबी घाटी में अब भी उनके जवान तैनात हैं और मैं आशा करता हूं कि वे वापस चले जाएंगे क्योंकि इलाके में उनका अभ्यास पूरा हो गया है।’’
PunjabKesari
चीन के खिलाफ भूटान के साथ भारत
डोकलाम को लेकर चीन और भूटान के बीच क्षेत्रीय विवाद रहा है तथा भारत इस मुद्दे पर भूटान का समर्थन कर रहा है। भारत और चीन की सेनाओं के बीच डोकलाम में 16 जून से 73 दिन तक गतिरोध की स्थिति बनी रही थी। इससे पहले भारत की सेना ने चीन की सेना द्वारा विवादित क्षेत्र में एक सड़क के निर्माण पर रोक लगा दी थी।  गतिरोध के दौरान भूटान और भारत एक दूसरे से संपर्क में रहे जो गत 28 अगस्त को समाप्त हुआ। इस तरह की भी खबरें हैं कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने यातुंग में अग्रिम चौकी पर सैनिकों की संख्या और बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक डोकलाम पठार में चीन के सैनिकों को तैनात किया गया है लेकिन सर्दियों में वे इलाका छोड़कर चले जाते हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News