''रामनवमी आ रही है, हम देखते हैं कितना विरोध करते हो'', PM मोदी ने कसा कांग्रेस पर तंज

punjabkesari.in Saturday, Apr 06, 2024 - 10:40 PM (IST)

नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भाग नहीं लेने पर कटाक्ष करते हुए शनिवार को कहा कि ‘‘राम नवमी आ रही है, हम देखते हैं कितना विरोध करते हो?'' प्रधानमंत्री मोदी ने पुष्कर (अजमेर) में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जाने का विरोध करना...ये शोभा देता है क्या?। इतना ही नहीं, अगर कोई प्राण प्रतिष्ठा में आ गया तो उसको कांग्रेस पार्टी से छह साल के लिए निकाल दिया। क्या इस देश में ऐसा हो सकता है? प्रभु राम के बिना देश की कल्पना कर सकते हो?''

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ हमारे यहां तो सुबह शाम जब भी मिलते हैं तो ‘राम राम' सा करते हैं। अंतिम विदाई में भी ‘राम बोलो राम से' कहा जाता है। उस राम के खिलाफ इतना गुस्सा क्यों? राम नवमी आ रही है, सज धज के लोग इसे मनाने वाले हैं हम देखते हैं कितना विरोध करते हो?'' भगवान राम के जन्मदिन पर रामनवमी मनाई जाती है जो इस बार 17 अप्रैल को है। कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने अयोध्या में 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया था।

कांग्रेस का कहना था कि यह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस)-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कार्यक्रम है और भाजपा ने राम मंदिर को राजनीतिक परियोजना बना दिया। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने उसकी ‘‘लूट की दुकान का शटर गिरा दिया'' इसलिए वह ‘बौखलाई' हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई जारी रहेगी और अपने तीसरे कार्यकाल के पहले सौ दिन में ही भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़े फैसले लेने जा रही है।

मोदी ने कांग्रेस को ‘‘परिवारवादी एवं भ्रष्टाचारी'' पार्टी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता। कांग्रेस ने न कभी गरीबों की परवाह की और न ही कभी वंचितों, शोषितों एवं युवाओं के बारे में सोचा।'' उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतना ही भ्रष्टाचारी पार्टी।''

मोदी ने कहा, ‘‘ये जो देश के बड़े-बड़े नामदार हैं-- कांग्रेस एवं शाही पर‍िवार के बड़े नामदार , वे इस कामदार को गाली देते हैं... शायद गाली देना वे अपना अधिकार मानते होंगे। लेकिन यह कामदार ऐसा है कि हर गाली को पचा जाता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ ये लोग मोदी से इसलिए नाराज हैं क्योंकि मोदी आज देश के गांव-गरीब के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। जनता के पैसे को लूटना ये लोग अपना खानदानी हक समझते थे। मोदी ने लूट की इस बीमारी का स्थायी इलाज कर दिया है। मोदी ने इनकी लूट की दुकान का शटर गिरा दिया है। इसलिए ये बौखलाए हुए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘ कांग्रेस का घमंडिया गठबंधन मोदी से परेशान है, इसलिए वह चिढ़ता है। वह गुस्सा करता है, गाली देता है। लेकिन कांग्रेस के लोग समझ लें, आप जितना कीचड़ उछालेंगे, कमल उतना ही ज्यादा खिलने वाला है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News