तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के सी.एम. से मतदाता सबसे ज्यादा संतुष्ट

punjabkesari.in Saturday, Mar 23, 2019 - 04:08 AM (IST)

नई दिल्ली: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव देशभर के मुख्यमंत्रियों में टॉप परफॉर्मर हैं। उनके बाद हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और दिल्ली के मुख्यमंत्रियों का नाम आता है। सी-वोटर-आई.ए.एन.एस. स्टेट ऑफ द नेशन ट्रैकर ओपिनियन पोल के नवीनतम निष्कर्षों के अनुसार के. चंद्रशेखर राव को मतदाताओं ने सबसे ज्यादा रेटिंग दी है। मतदाता उनके द्वारा करवाए गए कामों से संतुष्ट हैं। हिमाचल प्रदेश के सी.एम. जय राम ठाकुर को दूसरा जबकि ओडिशा के नवीन पटनायक को तीसरा स्थान मिला है। नवीन पटनायक को मतदाता रिकॉर्ड 5वीं बार मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। 

दिल्ली के अरविंद केजरीवाल ने भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्रियों में शीर्ष 5 में जगह बनाई है। पुड्डुचेरी, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों को सबसे कम अनुमोदन रेटिंग मिली है। तमिलनाडु के सी.एम. के. पलानीस्वामी से लोग सबसे कम संतुष्ट हैं। ए.आई.ए.डी.एम.के. के साथ गठबंधन करने वाली भाजपा के लिए जनमत सर्वेक्षण अच्छी खबर नहीं है। 42 प्रतिशत मतदाताओं का कहना है कि वे मुख्यमंत्री से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। एक और चिंताजनक संकेत उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ का प्रदर्शन है। सूची में वह निचले 3 पायदान पर हैं। 

तेलंगाना में 68.3 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के प्रदर्शन से बहुत संतुष्ट हैं। उनकी कुल शुद्ध अनुमोदन दर 79.2 प्रतिशत है। शीर्ष 10 में केवल 2 भाजपा शासित राज्य हैं जहां लोग मुख्यमंत्री से सबसे अधिक संतुष्ट हैं। हिमाचल प्रदेश के अलावा, असम 10वें स्थान पर है क्योंकि सर्बानंद सोनोवाल को पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी से एक पायदान नीचे रखा गया है। भाजपा के सहयोगी बिहार के नीतीश कुमार को कर्नाटक में जे.डी.एस.-कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री के बाद छठे स्थान पर रखा गया है।     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News