तमिलनाडु में बड़ा हादसा: सोते समय श्रद्धालुओ पर मंदिर की छत का गिरा हिस्सा, 1 की मौत, 2 घायल
punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:30 AM (IST)
नेशनल डेस्क: तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। समायपुरम स्थित प्रसिद्ध मरियम्मन मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर के एक मंडप की छत का हिस्सा अचानक गिर गया। यह घटना सन्नाथी स्ट्रीट मंडपम में हुई, जहां कई श्रद्धालु दर्शन के लिए आने के बाद आराम कर रहे थे।
हादसे में तंजावुर जिले की रहने वाली 32 वर्षीय महिला नादिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से उन्हें तिरुचिरापल्ली के महात्मा गांधी मेमोरियल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Tamil Nadu | A devotee was killed while two others were injured after a portion of the ceiling collapsed at the Samayapuram Mariamman Temple in Tiruchirappalli. The incident occurred at the Sannathi Street mandapam, where devotees were sleeping after arriving at Samayapuram for…
— ANI (@ANI) March 29, 2026
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, घटना अचानक हुई, जिससे वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छत गिरने की वजह क्या थी।
तमिलनाडु में होने वाले हैं विधानसभा चुनाव
इसी बीच राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी राजनीतिक माहौल गरम है। तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर चुनाव होने हैं। मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। ऐसे समय में इस तरह की घटनाएं राजनीतिक बहस का मुद्दा बन सकती हैं।
मंदिर उत्सव के दौरान 10 साल की बच्ची की मौत
इससे पहले भी राज्य के तंजावुर जिले में एक और दर्दनाक हादसा हुआ था। तिरुवैयारू के पास एक मंदिर उत्सव के दौरान 10 साल की एक बच्ची की जान चली गई थी। बच्ची एक मालवाहक ऑटो में बैठकर मंदिर जा रही थी और वह जनरेटर के पास बैठी हुई थी। अचानक उसके बाल जनरेटर में फंस गए, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे बड़े अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह दोनों घटनाएं मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
