बंगाल में कोयला खदान की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत, 15 घायल
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 08:49 PM (IST)
नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल में बृहस्पतिवार को आसनसोल स्थित 'ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड' (ईसीएल) की एक कोयला खदान में 'एयर ब्लास्ट' के बाद भूमिगत खदान की दीवार का एक हिस्सा ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो गई और कम से कम 15 अन्य घायल हो गए। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10 बज कर 30 मिनट पर ईसीएल के कुनुस्तोरिया क्षेत्र स्थित परासिया कोयला खदान में हुआ। घटना के समय कई खनिक अंदर काम कर रहे थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खदान के सेक्शन-27 में 'एयर ब्लास्ट' हुआ, जिसके कारण कई मजदूर फंस गए और घायल हो गए। खदान में एयर ब्लास्ट का मतलब भूमिगत खदान के भीतर हवा या गैस के दबाव के अचानक बाहर निकलने से पैदा होने वाला तेज बहाव है।
अधिकारी ने कहा, "विस्फोट के प्रभाव से खदान के अंदर काम कर रहे मजदूर अलग-अलग दिशाओं में जा गिरे। घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।" अधिकारी के मुताबिक, घायलों को रानीगंज स्थित बांसरा अस्पताल और आसनसोल स्थित कल्ला अस्पताल सहित ईसीएल द्वारा संचालित अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं, देबायन मुंडा नामक एक श्रमिक को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायल श्रमिकों में कई संविदा मजदूर हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद कई श्रमिक संगठनों ने सुरक्षा उपायों में चूक का आरोप लगाते हुए अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। ईसीएल के अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
