रजनीकांत की Jailer 2 के सेट पर बड़ा हादसा, शूटिंग के दौरान 28 वर्षीय क्रू मेंबर की दर्दनाक मौत, मौके पर मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 02:27 PM (IST)

Jailer 2 Crew Member Death: साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। दरअसल, चेन्नई के पनैयूर स्थित एक स्टूडियो में करंट लगने से 28 वर्षीय एक क्रू मेंबर की मौत हो गई। जहां एक तरफ इस खबर ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है तो वहीं दूसरी तरफ सेट पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 

सेट तैयार करते समय हुआ हादसा 

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कार्तिकेयन (28) के रूप में हुई है, जो फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट (कला विभाग) में कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि कार्तिकेयन शूटिंग के लिए एक 'हाउस सेट' तैयार कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। बिजली का जोरदार झटका लगते ही वह नीचे गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।  

अस्पताल ले जाने से पहले ही तोड़ा दम 

आनन-फानन में वहां मौजूद सहयोगियों ने कार्तिकेयन को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शूटिंग को फिलहाल रोक दिया गया है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही चेन्नई पुलिस ने जांच में जुट गई है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या सेट पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा था या नहीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News