अंकल बचा लो... तालाब में डूबने से 2 बच्चों की मौत
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 08:19 PM (IST)
नेशनल डेस्क : हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, यहां 2 नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बता दें कि एम्बिएंस मॉल परिसर स्थित कटरीना अपार्टमेंट के गोल्फ कोर्स तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार एम्बिएंस मॉल परिसर स्थित कटरीना अपार्टमेंट के गोल्फ कोर्स तालाब में 4 बच्चे नहाने उतरे थे। सभी बच्चे सुरक्षा का घेरा पार करके दूसरी तरफ चले गए। पानी में गहराई ज्यादा होने के कारण 2 बच्चे डूब गए जबकि 2 बच गए। इन 4 बच्चों में से 12 वर्षीय अंकुश ने हिम्मत जुटाते हुए 8 साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गार्ड पर लगे लापरवाही के आरोप
पीड़ित परिवारों ने सुरक्षा गार्ड पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक बच्चे के पिता सुरेश कुमार का कहना है कि जब बच्चे घबराकर मदद मांगने गार्ड के पास पहुंचे, तब भी उसने कोई सहायता नहीं की। परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते गार्ड मदद करता तो दोनों बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। परिवारों का कहना है कि सुरक्षाकर्मी तब सक्रिय हुए, जब दोनों बच्चे पानी में दम तोड़ चुके थे. घटना के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
