Symptoms of Liver Failure: लिवर फेलियर से पहले शरीर देता है ये 5 संकेत, डॉक्टर ने बताए लक्षण

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 11:50 AM (IST)

Symptoms of Liver Failure: हमारा लिवर शरीर का वो शांत योद्धा है जो बिना रुके करीब 500 से ज्यादा जरूरी काम निपटाता है। शरीर की कुल खून सप्लाई का एक बड़ा हिस्सा इसी के पास होता है, लेकिन हमारी खराब जीवनशैली, शराब की लत और बढ़ता मोटापा इसे धीरे-धीरे मौत के करीब धकेल देते हैं। लिवर एक झटके में फेल नहीं होता, बल्कि वह गिरने से पहले कई बार संभलने के इशारे देता है। हाल ही में मेडिकल एक्सपर्ट डॉ. अर्पित सैनी ने उन खास संकेतों के बारे में विस्तार से बताया है, जिन्हें समय रहते पहचान लिया जाए तो जान बचाई जा सकती है।

जब पीली पड़ने लगें आंखें और त्वचा
अगर आपकी आंखों की सफेदी और हाथ-पैर पीले दिखाई देने लगें, तो समझ लीजिए कि खतरे की घंटी बज चुकी है। डॉक्टर के मुताबिक यह पीलिया (जॉन्डिस) का संकेत है, जो शरीर में बिलिरुबिन नाम के तत्व के बढ़ने से होता है। जब लिवर अपना काम ठीक से नहीं कर पाता, तो यह पीलापन पूरे शरीर में फैलने लगता है, जो लिवर फेलियर की शुरुआती चेतावनी है।

पेट का अकारण फूलना और पानी भरना
कई बार हमें लगता है कि पेट का बढ़ना सिर्फ बढ़ता हुआ वजन या मोटापा है, लेकिन यह लिवर की गंभीर बीमारी 'असाइटिस' भी हो सकती है। इसमें पेट के अंदर तरल पदार्थ यानी पानी जमा होने लगता है, जिससे पेट असामान्य रूप से फूल जाता है। यह इस बात का सबूत है कि लिवर अब हार मान रहा है।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Dr Arpit Saini (@dr.arpit_saini)

यूरिन और मल के रंग में बदलाव
क्या आपके पेशाब का रंग गहरा पीला हो गया है या मल का रंग मिट्टी जैसा फीका पड़ गया है? अगर हां, तो यह लिवर की खराबी का एक बड़ा लक्षण है। इसका सीधा मतलब है कि लिवर अब 'बाइले' को सही तरीके से रिलीज नहीं कर पा रहा है, जो पाचन और शरीर की सफाई के लिए बेहद जरूरी होता है।

छोटी सी चोट और ज्यादा खून बहना
अगर आपको जरा सा टकराने पर भी नीले निशान पड़ जाते हैं या मामूली खरोंच से खून बहना बंद नहीं होता, तो सावधान हो जाइए। स्वस्थ लिवर शरीर में वो प्रोटीन बनाता है जो खून का थक्का जमाने और घाव भरने में मदद करते हैं। जब लिवर फेल होने की कगार पर होता है, तो वह इन जरूरी प्रोटीनों का निर्माण बंद कर देता है।

दिमाग में उलझन और नींद का बिगड़ना
लिवर की खराबी का असर सिर्फ पेट पर ही नहीं, बल्कि दिमाग पर भी पड़ता है। अगर आपको अचानक चीजें समझने में दिक्कत होने लगे, दिन में नींद आए और रात भर जागने की आदत पड़ जाए, या फिर बार-बार उल्टी जैसा महसूस हो, तो यह लिवर की गंभीर स्थिति का संकेत है। डॉक्टर की सलाह है कि अगर इनमें से दो-तीन लक्षण भी साथ दिखें, तो बिना देरी किए तुरंत जांच करानी चाहिए ताकि समय रहते इलाज शुरू हो सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News