Sunjay Kapoor family dispute: 30,000 करोड़ की कंपनी पर किसका हक? मां रानी कपूर का बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Jul 29, 2025 - 01:27 PM (IST)

नई दिल्ली: देश के मशहूर उद्योगपति संजय कपूर की पोलो मैच के दौरान हुई रहस्यमयी मौत के बाद अब उनका नाम एक बड़े पारिवारिक विवाद के केंद्र में आ गया है। इस बार मामला ना केवल भावनाओं का है, बल्कि दांव पर लगी है एक ऐसी ग्लोबल कंपनी जिसकी वैल्यू 30,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है - सोना कॉमस्टार। संजय की मौत के बाद उनकी मां रानी सुरिंदर कपूर और पत्नी प्रिया सचदेव कपूर के बीच संपत्ति और कंपनी की बागडोर को लेकर जबरदस्त खींचतान शुरू हो गई है।
मुझसे धोखे से दस्तावेजों पर साइन करवाए गए - रानी कपूर का बड़ा आरोप
दिवंगत संजय कपूर की मां रानी कपूर ने सनसनीखेज दावा किया है कि बेटे की मौत के कुछ ही दिनों के भीतर उनसे जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए। उनका कहना है कि उन्हें दस्तावेजों को पढ़ने तक का समय नहीं दिया गया और दबाव में आकर उन्हें साइन करना पड़ा।
रानी कपूर का यह भी आरोप है कि यह सब प्रिया सचदेव के इशारे पर हुआ, जो अब कंपनी के प्रमुख पदों पर अपनी जगह बना रही हैं। उन्होंने SEBI और कंपनी प्रबंधन को पत्र लिखकर कहा है कि वे कंपनी की असली उत्तराधिकारी हैं और उनसे जबरन उनकी हिस्सेदारी छीनने की कोशिश की जा रही है।
भावुक रानी कपूर ने कहा – "मुझे नहीं पता मेरे बेटे के साथ क्या हुआ"
एएनआई को दिए एक भावुक इंटरव्यू में रानी कपूर ने कहा, "मैं अब बूढ़ी हो चुकी हूं लेकिन यह जानना चाहती हूं कि आखिर मेरे बेटे के साथ क्या हुआ। मुझे कंपनी के शुरुआती दिन आज भी याद हैं, जब मैंने और मेरे पति ने इसे खड़ा किया था। यह सिर्फ एक कंपनी नहीं, बल्कि हमारे खून-पसीने का नतीजा है।" उन्होंने यह भी कहा कि वे अब स्वास्थ्य के कारण ज्यादा कुछ नहीं कहेंगी, लेकिन उनकी कानूनी टीम इस लड़ाई को अंतिम अंजाम तक पहुंचाएगी।
कंपनी की कमान अब किसके हाथ में?
संजय कपूर की मौत के बाद सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (Sona Comstar) के चेयरमैन पद पर जेफरी मार्क ओवरली को नियुक्त किया गया है। ओवरली 2021 से कंपनी के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर हैं। वहीं, संजय की पत्नी प्रिया सचदेव कपूर को कंपनी में एडिशनल नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनाया गया है। प्रिया पहले इन्वेस्टमेंट बैंकर रह चुकी हैं और अब कंपनी की रणनीतिक निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
आखिर कौन हैं संजय कपूर और क्या करती है उनकी कंपनी?
संजय कपूर, 53 वर्षीय उद्योगपति, सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे। यह कंपनी उनके पिता डॉ. सुरिंदर कपूर द्वारा स्थापित की गई थी। गुरुग्राम मुख्यालय वाली यह ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी अमेरिका, सर्बिया, मैक्सिको और चीन में भी फैली हुई है। इसकी विशेषता इलेक्ट्रिक व्हीकल और ऑटो पार्ट्स के निर्माण में है। कंपनी का मार्केट कैप 30,000 करोड़ रुपये से अधिक है और यह भारत की टॉप ऑटो कंपोनेंट फर्म्स में गिनी जाती है।
पारिवारिक विरासत पर खतरा?
यह मामला अब केवल एक पारिवारिक संपत्ति विवाद नहीं रह गया है। रानी कपूर का कहना है कि यह पूरी पारिवारिक विरासत को मिटा देने की साजिश है। उन्होंने साफ कहा है कि वह अंतिम सांस तक सोना कॉमस्टार को अपनी फैमिली की पहचान बनाए रखने के लिए लड़ेंगी।