Weather Alert: सावधान! तेज हवाएं और कड़ाके की ठंड देगी दस्तक, IMD ने इन राज्यों में जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Nov 03, 2025 - 06:08 PM (IST)
नेशनल डेस्कः बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव के कारण आंध्र प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश तक मौसम में बदलाव देखने को मिला। नवंबर की शुरुआत में ही उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, लेकिन अब मौसम धीरे-धीरे सामान्य होता दिख रहा है। राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ने लगी है, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह और शाम के समय कोहरा छाने लगा है। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में शीत लहर की संभावना बनी हुई है।
कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में सोमवार, 3 नवंबर की रात कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। यहां का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं, 24 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं। हालांकि, इन तेज हवाओं के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण स्तर में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला।
उत्तर प्रदेश में अब बढ़ेगा कोहरा
मोंथा के बाद उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर थम गया है। हालांकि देर रात और सुबह के समय कोहरा छाने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 3 नवंबर के बाद अगले कुछ दिनों तक कोहरे की संभावना नहीं है। प्रदेश में 8 नवंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है।
राजधानी लखनऊ में मौसम के बदलाव के चलते स्कूलों की समय-सारणी में भी बदलाव किया गया है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छा सकता है। 5 और 6 नवंबर को भी मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 7 और 8 नवंबर को भी प्रदेश का मौसम सामान्य रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि चक्रवात के बाद अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय कोहरा और धुंध बने रहने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है।
बिहार में मौसम
उत्तर प्रदेश से सटे बिहार में 3 और 4 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है। 5 से 7 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने की संभावना है। यह सिस्टम कमजोर रहेगा, लेकिन इसके कारण बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है।
पहाड़ों में शीत लहर का असर
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम बदल रहा है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के कारण ठंड बढ़ेगी, जबकि ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में शीत लहर से ठिठुरन वाली ठंड पड़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पर्वतीय जिलों में 4 और 5 नवंबर को बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
