इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होंगी सोनिया गांधी, जारी हो सकता है Logo
punjabkesari.in Monday, Aug 28, 2023 - 06:31 PM (IST)

नेशनल डेस्कः 31 अगस्त को मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में इंडिया गठबंधन के झंडे और लोगो को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है। इससे पहले जानकारी सामने आ है कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेने मुंबई जाएंगीं। सोनिया गांधी इस समय जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में छुट्टियां मना रही हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को बताया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी विपक्षी दलों के गठबंधन (I.N.D.I.A) की बैठक में शामिल होंगे और इसमें विपक्ष के लोगो का अनावरण किया जएगा। ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) ‘इंडिया' में 24 से अधिक दल शामिल हैं। पटना में जून में पहली बार एक साझा मंच पर एकत्र होने के बाद से विपक्षी दलों की यह तीसरी बैठक होगी।
पटोले ने कहा, ‘‘सोनिया गांधी मुंबई में ‘इंडिया' गठबंधन की बैठक में शामिल होंगी।'' उन्होंने कहा कि उस दौरान गठबंधन का आधिकारिक ‘लोगो' जारी किया जाएगा और विपक्षी दलों के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अपने एजेंडा पर भी चर्चा करेंगे। गठबंधन की दूसरी बैठक जुलाई में बेंगलुरु में हुई थी, जिसमें इसे ‘इंडिया' नाम दिया गया था। इसका गठन 2024 के संसदीय चुनावों में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मुकाबला करने के लिए किया गया है।
केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा का संयुक्त रूप से मुकाबला करने के लिए गठित 26 दलीय विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' की एक महीने से भी कम समय में दो बार बैठक हो चुकी है। इस गठबंधन की पहली बार बैठक 23 जून को पटना में और फिर उसके बाद 17 जुलाई को बेंगलुरु में बुलाई गई थी। तीसरी बैठक आगामी 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में आयोजित होगी।
बेंगलुरू में गठबंधन 'इंडिया' को दिया गया था नाम
अगले साल होने वाले आम चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही सभी की निगाहें विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की मुंबई में प्रस्तावित बैठक पर टिकी हैं, जहां गठबंधन का ‘लोगो' जारी किये जाने तथा सीट बंटवारे सहित रणनीतिक मामलों पर विचार विमर्श किये जाने की संभावना है। बेंगलुरु में आयोजित सम्मेलन में गठबंधन को ‘इंडिया' का नाम दिया गया था।