Alert: रात को सोने से पहले भूलकर भी ना करें ये काम, बढ़ सकता है कैंसर का खतरा, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 06:55 PM (IST)

नेशनल डेस्कः स्वास्थ्य और डेंटल विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सोने से पहले सिगरेट पीने की आदत केवल फेफड़ों के लिए ही नहीं, बल्कि मुंह, दांत और मसूड़ों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है। स्वास्थ्य और डेंटल विशेषज्ञों का कहना है कि रात में स्मोकिंग से मुंह में मौजूद हानिकारक रसायन लंबी अवधि तक सक्रिय रहते हैं, जिससे दांत सड़ने, मसूड़ों में सूजन और यहां तक कि ओरल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, रात के समय मुंह में लार का प्रवाह कम हो जाता है, जो प्राकृतिक रूप से बैक्टीरिया को नियंत्रित करता है। लेकिन यदि व्यक्ति ब्रश करने के बाद सोने से पहले धूम्रपान करता है, तो निकोटिन और टार जैसी हानिकारक पदार्थ दांतों और मसूड़ों पर पूरी रात चिपकी रहती हैं। इससे बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं और संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

दांतों और मसूड़ों पर प्रभाव

सिगरेट में मौजूद रसायन दांतों की ऊपरी परत यानी एनामेल को कमजोर कर देते हैं। इसके परिणामस्वरूप दांत पीले या भूरे पड़ सकते हैं। लगातार रात में धूम्रपान करने से कैविटी और मसूड़ों की सूजन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। डेंटल डॉक्टरों के अनुसार, लगातार स्मोकिंग से पीरियोडोंटल बीमारी का खतरा बढ़ता है, जिसमें मसूड़ों से खून आना और दांतों का कमजोर होना शामिल है।

कैंसर का बढ़ता खतरा

राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शोध बताते हैं कि लंबे समय तक धूम्रपान करने वालों में मुंह, जीभ, गले और होंठ के कैंसर का खतरा काफी अधिक होता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि रात में सिगरेट पीने से इन रसायनों का लंबे समय तक संपर्क और खतरनाक प्रभाव डाल सकता है।

डेंटल सर्जरी और उपचार पर असर

यदि किसी व्यक्ति ने हाल ही में दांत निकलवाए हैं या डेंटल सर्जरी करवाई है, तो रात में स्मोकिंग करने से घाव भरने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इससे संक्रमण और अन्य जटिलताओं का जोखिम बढ़ जाता है। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि सोने से पहले धूम्रपान छोड़ना न सिर्फ दांत और मसूड़ों को सुरक्षित रखता है, बल्कि overall स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News