Silver Price Crash: अचानक चांदी की कीमतें हुई 2 लाख से नीचे, सोना में भी 10% लोअर सर्किट, जानें नए रेट
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 04:46 PM (IST)
नेशनल डेस्कः महज दो महीने में चांदी की कीमत 4.25 लाख रुपये प्रति किलो से 2 लाख रुपये से भी नीचे गिर गई है। सोमवार को ट्रेडिंग के दौरान चांदी में 26,000 रुपये प्रति किलो की तेज गिरावट दर्ज की गई। सोने के दाम भी धड़ाम हो गए और MCX पर 10% का लोअर सर्किट लग गया। वैश्विक तनाव और निवेशकों की बिकवाली से बाजार में हाहाकार मचा हुआ है। सोमवार को ट्रेडिंग के दौरान चांदी की कीमत में 26,000 रुपये प्रति किलो से अधिक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे भाव 1,99,643 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी तेज गिरावट का अनुमान किसी ने भी नहीं लगाया था। जिन निवेशकों ने जनवरी में 4 लाख रुपये के आसपास चांदी खरीदी थी, उनके लिए अब भारी नुकसान का माहौल है।
सोने के दाम भी धड़ाम
चांदी के बाद सोने की कीमतों में भी भारी दबाव दिखा। सोमवार को MCX पर सोने में 10 फीसदी का लोअर सर्किट लग गया, जिससे सोने के भाव करीब 14,000 रुपये गिरकर 1,30,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे आ गए। विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया गिरावट के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच तनाव, वैश्विक महंगाई का खतरा और निवेशकों की बिकवाली मुख्य कारण हैं।
बाजार में हाहाकार
सोने-चांदी में लगातार गिरावट के साथ ही शेयर बाजारों में भी भारी दबाव रहा। सोमवार को सेंसेक्स में 1,800 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जबकि निफ्टी 22,500 के स्तर तक लुढ़क गया। इस गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार अपने उच्चतम स्तर से करीब 15 फीसदी नीचे आ चुका है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व काअसर
पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों ने सोने और चांदी पर दबाव बढ़ाया। फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को स्थिर रखने का निर्णय लिया, जिससे वैश्विक बाजार में दोनों धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट हुई।
रिकॉर्ड से अब गिरावट
पिछले दो साल में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिली थी। चांदी ने जनवरी में 4.25 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था, जबकि सोने ने 1.92 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक का उच्चतम स्तर देखा था। लेकिन अब दोनों धातुओं ने निवेशकों को चिंता में डाल दिया है।
