19 करोड़ महिलाएं हो चुकी हैं इस बीमारी की शिकार! Silent Killer की तरह चुपचाप कर रही वार, नजरअंदाज किया तो...
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 02:32 PM (IST)
Endometriosis Symptoms : दुनिया भर में लगभग 19 करोड़ महिलाएं एक ऐसी बीमारी से जूझ रही हैं जिसे अक्सर मामूली दर्द समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक प्रजनन आयु की हर 10 में से 1 महिला एंडोमेट्रियोसिस (Endometriosis) की शिकार है। यह एक ऐसी स्थिति है जहां गर्भाशय के अंदर पाए जाने वाले टिश्यू (ऊतक) शरीर के अन्य हिस्सों जैसे अंडाशय, आंत या फेफड़ों में बढ़ने लगते हैं। यह बीमारी न केवल असहनीय दर्द देती है बल्कि सही समय पर इलाज न मिलने पर बांझपन (Infertility) का कारण भी बन सकती है।
एंडोमेट्रियोसिस के 6 अजीब लक्षण
ज्यादातर महिलाएं केवल तेज पीरियड दर्द को ही इसका लक्षण मानती हैं लेकिन शरीर ये अनोखे संकेत भी देता है:

-
कंधे में अचानक दर्द: यह सुनकर अजीब लग सकता है लेकिन पीरियड के दौरान कंधे में तेज दर्द होना फेफड़ों या डायफ्राम के पास टिश्यू जमा होने का संकेत हो सकता है।
-
पेट और पाचन की समस्या: पीरियड्स के आसपास कब्ज, दस्त, गैस या पेट फूलना। इसे अक्सर लोग खराब डाइजेशन समझ लेते हैं जबकि यह आंतों में सूजन की वजह से होता है।
-
बार-बार पेशाब आना: कई बार इसे यूरिन इन्फेक्शन (UTI) समझ लिया जाता है, लेकिन अगर पेशाब के समय जलन या दर्द पीरियड के दौरान बढ़ जाए तो यह एंडोमेट्रियोसिस हो सकता है।
-
पैरों और जोड़ों में दर्द: कूल्हे से लेकर घुटने तक जाने वाला दर्द जो नसों पर पड़ने वाले दबाव के कारण होता है।
-
क्रोनिक थकान: भरपूर नींद के बाद भी हर वक्त शरीर में भारीपन और थकान महसूस होना।
-
माइग्रेन और सिरदर्द: हार्मोनल बदलाव और शरीर के अंदरूनी घावों (Scar Tissue) की वजह से तेज सिरदर्द होना।
क्या इसका कोई स्थायी इलाज है?
फिलहाल एंडोमेट्रियोसिस का कोई स्थायी इलाज नहीं है लेकिन प्रारंभिक पहचान (Early Detection) से जीवन आसान हो सकता है:
-
दवाएं: हार्मोनल थेरेपी और दर्द निवारक दवाओं से लक्षणों को कंट्रोल किया जाता है।
-
सर्जरी: गंभीर मामलों में सर्जरी के जरिए अनचाहे टिश्यू को हटाया जाता है।
-
जीवनशैली: सही डाइट और योग सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
एक्सपर्ट की सलाह
यदि आपके पीरियड दर्द के कारण आपकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है या ऊपर दिए गए लक्षणों में से कोई भी आपको हर महीने परेशान करता है तो तुरंत किसी स्त्री रोग विशेषज्ञ (Gynecologist) से मिलें। इसे छुपाना या सहना आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है।


