अमरनाथ यात्रा: यात्रा का एक माह सम्पन्न, भक्तों की संख्या पहुंची 3.31 लाख
punjabkesari.in Wednesday, Jul 31, 2019 - 08:17 AM (IST)

ये नहीं देखा तो क्या देखा (Video)
श्रीनगर/जम्मू (कमल): लगभग 10,360 अमरनाथ यात्रियों ने यात्रा के 30वें दिन बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंगलवार को बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों से यात्रा सुचारू रही। बालटाल मार्ग पर 3 दिनों बाद यात्रियों को पवित्र गुफा की तरफ रवाना किया गया। बारिश के कारण बालटाल मार्ग पर अस्थायी तौर पर रोकी गई यात्रा सुबह बहाल कर दी गई।
गत 1 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के 30वें दिन बाबा बर्फानी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 3,31,770 तक पहुंच गई है। दूसरी तरफ जम्मू के बेस कैम्प यात्री निवास से मंगलवार को 1175 यात्रियों का ताजा जत्था पवित्र गुफा में दर्शनों के लिए रवाना हुआ। यह इस बार अब तक का यात्रा का सबसे छोटा जत्था है। जत्थे में 252 महिलाएं और 95 साधु-संत शामिल हैं। तीर्थयात्री तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच 47 हल्के-भारी वाहनों में बालटाल और नुनवान बेस कैम्प की ओर रवाना हुए।
सभी यात्री अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले में स्थित बालटाल आधार शिविर पर देर शाम तक पहुंच चुके थे। भगवती नगर स्थित यात्री निवास जम्मू से घाटी के लिए रवाना हुए 660 यात्री पहलगाम और 515 यात्री बालटाल से यात्रा करने के लिए निकले हैं।