आज रात ही उत्तराखंड रवाना होंगे शिवराज, डामटा सड़क हादसे में MP के थे सभी यात्री, अब तक 25 की मौत

punjabkesari.in Monday, Jun 06, 2022 - 12:12 PM (IST)

नई दिल्ली/भोपालः उत्तराखंड में हुए भीषण बस हादसे के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रात उत्तराखंड के लिए रवाना होंगे। आधिकारिक जानकारी के अनुसार  चौहान के साथ मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह और चार वरिष्ठ अधिकारी भी उत्तराखंड जाएंगे। मंत्री सिंह पन्ना जिले से संबद्ध हैं। 


हादसे का शिकार हुई बस में पन्ना जिले के तीर्थयात्री सवार थे। वहीं इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। चौहान रात को देहरादून में पूरे राहत कार्यों और घायलों की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग के साथ सुबह होते ही उत्तरकाशी जिले के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। 


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा- उत्तराखंड में चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस के खाई में गिरने से मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मृत्यु बेहद दुखद, पीड़ाजनक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

एक अन्य ट्वीट में शिवराज ने कहा- और मेरी टीम उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सतत संपर्क में है। घायलों के इलाज और मृतकों के शव को मध्यप्रदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है। दुःख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला ना समझे, हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News